कलायत महिला कॉलेज के सामने खड़े छोटा हाथी वाहनों में लगी आग,
गरीब परिवार की रोजी-रोटी पर संकट, आग लगने से दो सब्जी बेचने वाले वाहनों के जलने से परिवार का रो रोकर बुरा हाल
कलायत महिला कॉलेज के सामने खड़े छोटा हाथी वाहनों में लगी आग, आग लगने के कारणों को लेकर जताई जा रही आशंका
तरसेम सिंह /अटल हिन्द ---------------------
कैथल /12 नवंबर 2026 /
कलायत में महिला कॉलेज के बिल्कुल सामने सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले एक गरीब परिवार के लिए आगजनी की घटना परेशानी का सबब बन गई। खेड़ी लांबा गांव निवासी दो सगे भाई मोहन और सोहन तथा उनके ताऊ देशराज के सब्जी बेचने के काम में इस्तेमाल होने वाले वाहनों में रात के समय अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि वाहन जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार खेड़ी लांबा निवासी काला राम के बेटे मोहन और सोहन दोनों भाई कलायत महिला कॉलेज के सामने छोटा हाथी वाहनों में सब्जी लगाकर बेचने का काम करते हैं। वहीं, एक अन्य वाहन उनके ताऊ देशराज का बताया जा रहा है। बताया गया है कि दोनों भाई रात करीब 8:30 बजे अपने वाहन खड़े करके घर चले गए थे। इसके बाद सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके सब्जी बेचने वाले वाहन आग की भेंट चढ़ गए हैं।
घटना के बाद आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोगों को आशंका है कि किसी ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई हो सकती है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।
इस घटना से प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करने वाले इन लोगों के लिए वाहन ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन थे। आगजनी में हुए नुकसान से परिवारों को आर्थिक चोट पहुंची है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर आग लगने के कारणों का पता लगाने और उचित कार्रवाई की मांग की है।