{"vars":{"id": "91925:5179"}}

मंत्री श्याम सिंह का बड़ा फैसला: कैथल बैठक में उड़े लापरवाहों के होश!

कैथल में मंत्री श्याम सिंह राणा ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को लगाई फटकार। बिजली निगम कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, जानें पूरा मामला!
 

छापामार कार्रवाई में नियमों की पालना न करने पर मंत्री ने दिए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश

एक अन्य शिकायत में टयूबवेल कनैकशन स्थानांतरित करवाने के सख्त निर्देश

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के मंत्री श्याम सिंह राणा ने सुनीं जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतें, कई शिकायतों का किया मौके पर ही निपटान का आदेश

नकली पनीर बिक्री मामले में विस्तृत कार्रवाई को भी कहा

कैथल, /28 सितंबर 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के मंत्री श्याम सिंह ने कलायत निवासी एक व्यक्ति के घर में छापामार कार्रवाई में नियमों की पालना न करने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिजली निगम से ही जुड़ी एक शिकायत में किसान का कनेक्शन स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खेल अधिकारी को एक खिलाड़ी के ग्रेडेशन के लिए इंदौर जाकर सच्चाई पता लगाने को भी कहा। मंत्री ने कुल 12 में से पांच शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया। वहीं सात शिकायतों को आगामी बैठक के लिए लंबित रखा है।

बैठक में पहुंचने पर डीसी अपराजिता ने मंत्री श्री श्याम सिंह राणा का अभिनंदन किया। इसके बाद शिकायत सुनवाई में पुरानी शिकायतों में पहली शिकायत कलायत निवासी सुच्चा सिंह की शिकायत पर बिजली निगम ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिससे असंतुष्टी जताते हुए मंत्री ने कहा कि इस मामले में नियमों की पालना नहीं की गई। इसलिए इसके जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अगली शिकायत में सेरधा निवासी रामनिवास ने शिकायत दी थी कि जिला उसकी पत्नी के ईलाज में जिला अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर ने प्राइवेट अस्पताल में उसकी पत्नी का इलाज किया और उसके पेट में धागे छोड़ दिए। इस शिकायत पर सीएमओ डा. रेनू चावला ने रिपोर्ट दी और कहा कि यदि शिकायतकर्ता के पास कोई भी ऐसा सुबूत है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस शिकायत का मौके पर निपटारा कर दिया गया।

अगली शिकायत ट्योंठा निवासी संदीप कुमार ने दी थी। जिसमें उसने खेल विभाग से ग्रेडेशन की मांग की थी। जिला खेल अधिकारी ने उसके कागजात में कमी की बात कही तो मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने निर्देश दिए कि खिलाड़ी द्वारा जिस भी एसोसिएशन के खेल के कागजात प्रस्तुत किए हैं, उनकी जांच की जाए। यदि वे इंदौर से भी हैं तो वहां व्यक्तिगत रूप से खेल विभाग का कोई प्रतिनिधि जाकर सच्चाई का पता लगाए। यदि खिलाड़ी के कागजात सही पाए जाते हैं तो उसका ग्रेडेशन करवाया जाए। बैठक की नई शिकायतों में पहली शिकायत में गांव कौल निवासी प्रदीप कुमार ने की खेत के लिए रास्ता संबंधी शिकायत के न्यायालय से जुड़ा होने के कारण मामले का निपटारा कर दिया गया।

अगली शिकायत गांव बाता निवासी उर्मिला देवी की थी। जिसमें उसने पंत नगर में 250 गज के प्लाट को किसी अन्य को बेचे जाने की शिकायत दी। जिसमें मंत्री ने पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अगली शिकायत में सांच निवासी विनोद कुमार ने शिकायत दी थी कि उसके खेत में जरूरत न होते हुए भी पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा पाइपलाइन डाल दी गई। जबकि पहले से ही वहां एक पुली बनी हुई है। मंत्री महोदय ने पूरे मामले की गंभीरता एवं विस्तार पूर्वक सुनवाई करते हुए एसडीएम कैथल की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच के आदेश दिए। अगली शिकायत में गांव मालखेड़ी निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि उसने बिजली का कनेक्शन लिया था। उस समय उसके पास ट्यूबवेल नहीं था। उसके साथी हरबीर के पास ट्यूबवेल था। उन दोनों ने वह कनेक्शन उस ट्यूबवेल पर चला लिया। अब उसके साथी हरबीर ने अपना कनेक्शन ले लिया है। जब वह बिजली निगम के पास अपना कनेक्शन अपने खेत में बदलवाने गया तो उसकी कोई सुनवाई नहीं की गई। मंत्री ने पूरे मामले की सुनवाई करते हुए निर्देश दिया कि जिला कष्ट निवारण समिति के आदेश पर किसान के कनेक्शन को स्थानांतरित किया जाए और विभाग को अनुमति के लिए भेजा जाए।

अगली शिकायत में पाई निवासी पवन कुमार ने अपनी बेटी के पहली कक्षा में दाखिले के लिए एलकेजी से यूकेजी में प्रमोट किए जाने की मांग की। मंत्री ने इस मामले की सुनवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि दस दिन में विभाग मुख्यालय जाकर इस शिकायत का समाधान करवाया जाए।

अगली शिकायत में गांव कठवाड़ निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दी कि उसका कृषि लोन का भुगतान किए जाने के बावजूद एनओसी नहीं दी जा रही। बैंक द्वारा शिकायत का समाधान किए जाने पर मामले का निपटान कर दिया गया।

गांव भागल निवासी रामबतेरी ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र की मौत के बाद मिलने वाली राशि पूरी नहीं मिली है। मंत्री ने पूरे मामले की सुनवाई करने उपरांत पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

नई शिकायतों में अंतिम शिकायत में चौधरी मोहल्ला निवासी प्रेमकुमार ने कहा कि जिले में कई स्थानों पर नकली पनीर बिक रहा है। इस शिकायत पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी। जिस पर असंतुष्टी जताते हुए मंत्री ने डीसी को आवश्यक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। डीसी ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, विधायक सतपाल जांबा, नगर परिषद कैथल अध्यक्ष सुरभि गर्ग, जिला कष्ट निवारण समिति सदस्यों में यशपाल प्रजापति, निधि मोहन, धर्मेंद्र, नरेश सजूमा, शिव कुमार पराशर, संजय गुर्जर, मांगे राम जिंदल, सुरजीत सरपंच, राजीव राणा के अलावा अन्य संबंधित पदाधिकारी व प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, एडीसी डॉ. सुशील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

बॉक्स: कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के मंत्री श्याम सिंह ने कहा कि एक अक्टूबर से धान की खरीद शुरू की जाएगी। किसानों को सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएगी और किसी भी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। धान उत्पादन में सीमा तय किए जाने के सवाल पर कहा कि सरकार द्वारा नियमानुसार धान उत्पादन की सीमा तय की गई है। जिस किसान का उत्पादन अधिक होगा, उसकी रिपोर्ट करवा ली जाएगी और अतिरिक्त धान की खरीद कर ली जाएगी। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे मंडियों में धान को सुखाकर लाए और सरकार द्वारा निर्धारित किए गए नियमों की पालना करें। उन्होंने किसानों से पराली प्रबंधन करने के अपील की। ऐसा करने से भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी।