{"vars":{"id": "91925:5179"}}

तरावड़ी: कन्या शगुन और शिक्षा के क्षेत्र में भारत विकास परिषद की बड़ी पहल

तरावड़ी में भारत विकास परिषद कन्या शगुन योजना और शिक्षा सहायता के जरिए समाज के जरूरतमंद वर्गों की मदद कर रही है।
 

प्रदेशभर में समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है भारत विकास परिषद : विजय सिंगला

कन्या शगुन योजना, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग और नशा मुक्ति अभियान से समाज को मिल रही नई दिशा

कमल शर्मा/अटल हिन्द

तरावड़ी/12 नवंबर 2026 /

भारत विकास परिषद शाखा तरावड़ी के अध्यक्ष विजय सिंगला ने कहा कि भारत विकास परिषद पूरे प्रदेश में समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। परिषद से जुड़े सदस्य सेवा और संस्कार के उद्देश्य को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहे हैं। परिषद की ओर से संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी योजनाओं से जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है। विजय सिंगला ने कहा कि परिषद की कन्या शगुन योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही परिषद जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। बच्चों को नोटबुक, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म तथा अन्य शैक्षणिक सहायता उपलब्ध करवाकर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज समाज के सामने नशा एक गंभीर चुनौती बन चुका है। इसे देखते हुए भारत विकास परिषद की ओर से नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विजय सिंगला ने बताया कि परिषद केवल शिक्षा और नशा मुक्ति तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण अभियान तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे अनेक सेवा कार्य भी किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का मूल मंत्र मानव सेवा है। प्रदेश की विभिन्न शाखाएं अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा से सामाजिक दायित्व निभा रही हैं। परिषद के सदस्यों का समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाना ही परिषद का प्रमुख उद्देश्य है।