{"vars":{"id": "91925:5179"}}

सेवा संकल्प सेतु अभियान के तहत शिविर में 81 समस्याएं पहुंची, अधिकतर का मौके पर समाधान

सेवा संकल्प सेतु अभियान के तहत शिविर में 81 समस्याएं पहुंची, अधिकतर का मौके पर समाधान
 

तरावड़ी, 8 अक्टूबर (कमल शर्मा)। सेवा संकल्प सेतु अभियान के तहत नगरपालिका प्रशासन तरावड़ी की ओर से नगर खेड़े के पास स्थित शिव शक्ति सत्संग भवन में विशेष जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। शिविर में नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने करीब पांच घंटे तक आमजन के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगरपालिका सचिव अजीत कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 81 समस्याएं आमजन द्वारा रखी गईं। इनमें पेंशन, सीवरेज, सड़क, बिजली के पोल, पेयजल एवं जनस्वास्थ्य सेवाओं, राशन कार्ड, बिजली विभाग तथा नगरपालिका से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल थीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य यही था कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखकर उसका समाधान प्राप्त कर सकें। शिविर में बिजली विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, नगरपालिका प्रशासन सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में तरावड़ी में यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिले तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। विधायक ने कहा कि जनता की समस्या सुनना और उसका समाधान करवाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के शिविरों से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलती है।

शिविर में लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी अवगत करवाया। इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी सोनू नरवाल, थाना प्रभारी जगदीश चंद्र, बिजली विभाग के एसडीओ, नगरपालिका सचिव अजीत कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष वीरेंद्र बंसल, मार्केट कमेटी चेयरमैन रणदीप चौधरी, वाइस चेयरमैन राजीव नारंग, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संयोगिता गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत भारद्वाज सहित नगरपालिका के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। शिविर में पहुंचे लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी और मौके पर समस्याओं का समाधान होने से उन्हें काफी राहत मिली। लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।