{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Karnal News: स्वच्छता में करनाल का दबदबा बरकरार, लगातार दूसरी बार बना हरियाणा का सबसे स्वच्छ शहर; मिला राष्ट्रपति पुरस्कार

करनाल। स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल ने एक बार फिर हरियाणा में अपनी बादशाहत कायम की है। 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के 10वें संस्करण के परिणामों में करनाल को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके साथ ही, लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर करनाल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
 

करनाल। स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल ने एक बार फिर हरियाणा में अपनी बादशाहत कायम की है। 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के 10वें संस्करण के परिणामों में करनाल को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके साथ ही, लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर करनाल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने करनाल को प्रेसिडेंशियल अवार्ड से सम्मानित किया। इस पुरस्कार को हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता और नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा मंत्रालय के सचिव भी उपस्थित रहे। स्वच्छ सर्वेक्षण की राष्ट्रीय स्तर की विस्तृत रैंकिंग अगले दो दिनों में जारी की जाएगी।

कई मानकों पर हुआ शहर की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन

नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के मुताबिक स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत मार्च-अप्रैल में केंद्र सरकार की टीम ने शहर का मूल्यांकन किया था। इसमें दृश्य स्वच्छता, कूड़े का पृथक्करण, संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता, प्रयुक्त जल प्रबंधन और डीस्लजिंग सेवाओं के मशीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया था।

इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों का कल्याण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता, संस्थागत व्यवस्थाओं, पर्यावरणीय प्रबंधन तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया और शिकायतों के निवारण की स्थिति भी जांची गई। मूल्यांकन टीम ने नगर निगम की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय को भेजी थी। इन्हीं मानकों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए हैं।

सफाई मित्रों और शहरवासियों को दिया सफलता का श्रेय

करनाल के साथ पूरे हरियाणा के लिए यह गौरव का क्षण है। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, जिनकी मेहनत से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सफलता मिली है।

- रेणुबाला गुप्ता, महापौर नगर निगम करनाल।