नीलोखेड़ी की 7 गौशालाओं को मिले ₹1.63 करोड़, जानिए किसे कितनी राशि मिली
सरकार के गोसेवा संकल्प से मजबूत हो रही गौशालाओं की आर्थिक व्यवस्था : गौरव गर्ग
विधायक कबीरपंथी द्वारा वृंदावन धाम गौशाला को 6,89,190 रुपये के सहयोग पर जताया आभार
तरावड़ी, 11 नवंबर (कमल शर्मा)। मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला साम्भली के अध्यक्ष गौरव गर्ग ने कहा कि सरकार गोसेवा आयोग के माध्यम से गौशालाओं को लगातार अनुदान राशि उपलब्ध करवाकर उनकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला साम्भली को भी नीलोखेड़ी हल्के के विधायक भगवानदास कबीरपंथी द्वारा गोसेवा आयोग के माध्यम से 6 लाख 89 हजार 190 रुपये की अनुदान राशि का चेक प्रदान किया गया है।
मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला साम्भली के अध्यक्ष गौरव गर्ग ने इस सहयोग के लिए नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। गौशालाओं को समय-समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना सरकार की सकारात्मक सोच और गोसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार के इन प्रयासों से गौशालाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और गोवंश के रखरखाव, चारे-पानी तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। गौरव गर्ग ने कहा कि विधायक भगवानदास कबीरपंथी का यह प्रयास विशेष रूप से सराहनीय है कि उन्होंने नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र की सभी सात गौशालाओं के प्रधानों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित करवाकर सम्मानपूर्वक अनुदान राशि के चेक वितरित करवाए। गोसेवा आयोग के माध्यम से हल्के की सात गौशालाओं को कुल 1 करोड़ 63 लाख रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध करवाना गोवंश संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र की गौशालाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके संचालन में आ रही वित्तीय चुनौतियों को कम करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौशालाएं केवल गोवंश को आश्रय देने का स्थान नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। इन संस्थाओं का सुचारु संचालन समाज के सहयोग के साथ-साथ सरकारी सहायता पर भी निर्भर करता है। ऐसे में सरकार द्वारा अनुदान राशि बढ़ाकर गौशालाओं को सहयोग देना निश्चित रूप से उत्साहजनक है। गौरव गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। वहीं विधायक भगवानदास कबीरपंथी द्वारा हल्के की गौशालाओं की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए अनुदान राशि उपलब्ध करवाने में निभाई गई भूमिका सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार इसी प्रकार गौशालाओं को आर्थिक सहयोग देती रहेगी, ताकि गोवंश की सेवा और संरक्षण का कार्य और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ सके।