{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Palwal News: रेलवे रोड के इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख; 5 घंटे बाद दमकल टीम ने पाया काबू

शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल रेलवे रोड स्थित 'होली चिल्ड्रन स्कूल' के सामने बने एमएस इलेक्ट्रॉनिक्स (MS Electronics) के तीन मंजिला शोरूम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई।
 

पलवल। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल रेलवे रोड स्थित 'होली चिल्ड्रन स्कूल' के सामने बने एमएस इलेक्ट्रॉनिक्स (MS Electronics) के तीन मंजिला शोरूम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में शोरूम में रखा करीब दो करोड़ रुपये का कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि चारों तरफ फैले धुएं और ऊंची लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रात 12 बजे दूसरी मंजिल से उठा धुआं

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, हादसा रात करीब 12 बजे का है। शोरूम की दूसरी मंजिल से अचानक धुएं के गुबार उठने लगे। सामने वाली इमारत में रह रहे एक सतर्क पड़ोसी की नजर जब खिड़की से निकलते धुएं पर पड़ी, तो उसने बिना देरी किए शोरूम मालिक शुभम को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

15 दमकल गाड़ियों ने 5 घंटे में बुझाई आग

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग के विकराल रूप को देखते हुए एक के बाद एक कुल 15 दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों और स्थानीय लोगों के साझा प्रयासों से करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम और आरओ जलकर राख

आग शोरूम की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जहां गोदाम और डिस्प्ले एरिया में भारी मात्रा में एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, वाटर प्यूरीफायर (आरओ), माइक्रोवेव ओवन और अन्य महंगे होम एप्लायंसेज रखे हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी भी सामान को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। प्राथमिक आकलन के मुताबिक, करीब दो करोड़ रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।

बिजली कटौती और पानी की किल्लत से बढ़ीं मुश्किलें

आग बुझाने के दौरान दमकल टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे के वक्त हल्की बारिश के चलते इलाके की बिजली गुल हो गई, जिससे पानी रिफिल करने में भारी दिक्कत आई। गाड़ियों को पानी भरने के लिए शहर से दूर बघोला स्थित एक निजी कंपनी तक जाना पड़ा, जिससे कीमती वक्त जाया हुआ।

इसके अलावा, शोरूम के अंदर बनी लकड़ी की रेक और प्लास्टिक शोकेस की वजह से आग बार-बार सुलग रही थी। पानी डालते ही थोड़ी देर के लिए लपटें शांत होतीं, लेकिन प्लास्टिक और लकड़ी के कारण वे दोबारा भड़क उठतीं।