{"vars":{"id": "91925:5179"}}

करनाल में तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, हादसे में दोनों की मौत, ड्राइवर फरार

करनाल में तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, हादसे में दोनों की मौत, ड्राइवर फरार
 

Haryana: करनाल में एक तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन यहां डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस से कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग की है।

ये हादसा करनाल में शेखपुरा पुलिया के पास हुआ। मृतक महिलाओं की पहचान प्रीतो देवी और सत्तो देवी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 60 से 62 साल के बीच बताई जा रही है। इस मामले में परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं करनाल की अनाज मंडी में काम करती थीं। शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे वह अनाज मंडी से रिक्शा में सवार होकर घर लौट रही थीं।

दोनों महिलाएं शेखपुरा पुलिया के पास उतरकर रोड किनारे पहुंची। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर परिजन दोनों महिलाओं को अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए करनाल के मॉच्युरी हाउस भिजवा दिया। परिजनों ने पुलिस से आरोपी ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।