तरावड़ी में बुलेट और बिना नंबर प्लेट वाहनों की हुई सघन जांच
कमल शर्मा/अटल हिन्द
तरावड़ी/12 नवंबर 2026 /
तरावड़ी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए तरावड़ी थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी एसएचओ जगदीश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस की टीम ने करनाली गेट, सौंकड़ा पुलिया, मेन बाजार सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर नाके लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों और बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे दोपहिया वाहनों को जांच के दायरे में लिया। पुलिस कर्मचारियों ने वाहनों को रुकवाकर उनकी नंबर प्लेट, जरूरी दस्तावेजों और अन्य नियमों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस की नजर ऐसे वाहन चालकों पर रही, जो यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर वाहन दौड़ाते हैं। शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख रास्तों पर पुलिस की नाकाबंदी से वाहन चालकों में भी सतर्कता देखने को मिली। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों पर यातायात अनुशासन बनाए रखना, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। गौरतलब है कि बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट के वाहन कई बार आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से की जा रही जांच को यातायात नियमों के पालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। थाना प्रभारी जगदीश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर सक्रियता दिखाते हुए वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ जांच अभियान चलाया।