तरावड़ी: दीपावली पर जरूरतमंदों की मदद करें, मिलावट से बचें
त्यौहारो पर खुशियां बांटने के साथ जरूरतमंद परिवारों का भी रखें ध्यान : एडवोकेट मनोज गांधी
कहा :- मिलावटी मिठाइयों से रहें सावधान, जरूरतमंदों के घर भी रोशन करने का लें संकल्प
तरावड़ी, 24 अक्टूबर (कमल शर्मा)। जिला बार एसोसिएशन करनाल के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट मनोज गांधी ने कहा कि त्योहारों पर जरूरतमंदो की मदद करनी चाहिए। महंगे उपहार और महंगी मिठाइयां देना ही खुशियां बांटने का एकमात्र तरीका नहीं है। हर व्यक्ति की आर्थिक स्थिति अलग होती है। इसलिए समाज के संपन्न लोगों को चाहिए कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद परिवारों को मिठाई, फल, राशन, कपड़े या अन्य जरूरी सामान देकर उनकी दीपावली खुशहाल बनाने का प्रयास करें। किसी जरूरतमंद बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना और किसी परिवार के घर में त्योहार की खुशियां पहुंचाना भी दीपावली की भावना को साकार करता है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सेवा और खुशियां साझा करने का भी पर्व है। त्योहार की असली खुशी तभी सार्थक होती है, जब हमारे आसपास रहने वाला कोई जरूरतमंद परिवार भी दीपावली की खुशियों से वंचित न रहे। इसी भावना के साथ लोगों को इस दीपावली जरूरतमंद परिवारों की मदद करने और खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लेना चाहिए। मनोज गांधी ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लोगों को मिठाइयां खरीदते समय दुकान की विश्वसनीयता, उत्पाद की गुणवत्ता और ताजगी का ध्यान रखना चाहिए। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना देनी चाहिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग को भी त्योहार के दौरान मिठाइयों की दुकानों पर नियमित निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। मनोज गांधी ने कहा कि दीपावली का असली उजाला केवल घरों में जलने वाले दीपों से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने से भी होता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस दीपावली मिलावट के प्रति सतर्क रहें, खाद्य पदार्थों की खरीदारी सोच-समझकर करें और अपनी खुशियों में जरूरतमंद परिवारों को भी शामिल करें। समाज में जागरूकता, सहयोग और इंसानियत की भावना को बढ़ावा देना ही त्योहार मनाने का सच्चा उद्देश्य होना चाहिए।