{"vars":{"id": "91925:5179"}}

तरावड़ी में बेकाबू ट्रक ने बाइक कुचली, बाल-बाल बचा चालक

तरावड़ी में तेज रफ्तार ट्रक मोटरसाइकिल पर चढ़ा, बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और चालक बाल-बाल बचा। करनाली गेट से जीटी रोड तक भारी वाहनों की रफ्तार पर कब लगेगी लगाम?
 

ट्रक ने कुचल दी बाइक, बाल-बाल बची जिंदगी, तरावड़ी में बेलगाम ट्रकों की रफ्तार पर कब लगेगी लगाम?

तरावड़ी, 1 नवम्बर

शहर की सड़कों पर दौड़ते भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। ऐसे दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एक ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की तस्वीर देखकर ही इसकी गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ट्रक का भारी-भरकम पहिया मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया। गनीमत रही कि बाइक सवार की जान बाल-बाल बच गई। दरअसल, तरावड़ी में करनाली गेट से सौंकड़ा पुलिया से रेलवे फ्लाईओवर के बीच और जीटी रोड तक जाने वाली सर्विस लेन पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब नौ बजे के बाद ट्रक चालक इन मार्गों पर तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं।

ऐसे में सड़क पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हर समय खतरा बना रहता है। बीते दिनों भी ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा होने की घटना सामने आई थी। वहीं, सुबह करीब साढ़े सात बजे हुए ताजा हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक ट्रक मोटरसाइकिल पर बुरी तरह से चढ़ गया, जिसके बाद मोटरसाइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे में चालक की जान बाल बाल बची। घटना के बाद मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने ट्रक चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त मार्गों और सर्विस लेन पर ट्रकों को नियंत्रित गति से चलाने के लिए पुलिस प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए। विशेषकर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोगों ने कहा कि किसी बड़े जानलेवा हादसे के इंतजार में बैठने के बजाय समय रहते व्यवस्था में सुधार करना जरूरी है।

सवाल यही है कि आखिर कब लगेगी बेलगाम ट्रकों की रफ्तार पर लगाम? क्या पुलिस प्रशासन किसी बड़े हादसे से पहले इन भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा? शहरवासी अब इस दिशा में ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।