{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कूड़े से बनेगी घर में खाद! करनाल के 600 घर करेंगे कमाल, नगर निगम के इस प्लान से बदलेगी सफाई की तस्वीर

घर से निकलने वाले कचरे को अब केवल कूड़ेदान तक सीमित रखने के बजाय उसे अलग-अलग कर उपयोगी बनाने की दिशा में काम शुरू किया जा रहा है। नगर निगम करनाल द्वारा शहर के छह वार्डों में 600 घरों को मॉडल के रूप में तैयार करने की योजना बनाई गई है,
 

करनाल। घर से निकलने वाले कचरे को अब केवल कूड़ेदान तक सीमित रखने के बजाय उसे अलग-अलग कर उपयोगी बनाने की दिशा में काम शुरू किया जा रहा है। नगर निगम करनाल द्वारा शहर के छह वार्डों में 600 घरों को मॉडल के रूप में तैयार करने की योजना बनाई गई है, जिसके तहत प्रत्येक वार्ड से 100-100 घरों को चिन्हित किया गया है।

चार श्रेणियों में बंटेगा घरों से निकलने वाला कचरा

अभी तक कई घरों में सभी तरह का कचरा एक ही डस्टबिन में डाल दिया जाता है, जिससे रीसाइक्लिंग में परेशानी आती है। इस नई पहल के तहत कचरे को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा जाएगा:

गीला कचरा: सब्जियों-फलों के छिलके, चायपत्ती और बचा हुआ भोजन। इससे घरों में ही कंपोस्ट (खाद) तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग गमलों और पौधों में हो सकेगा।

सूखा कचरा: कागज, गत्ता, प्लास्टिक, धातु और अन्य पुनर्चक्रण योग्य (Recyclable) सामग्री।

सैनिटरी कचरा: इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड और डायपर जैसे अपशिष्ट।

घरेलू हानिकारक कचरा: बैटरियां, इस्तेमाल किए गए बल्ब और अन्य खतरनाक अपशिष्ट, जिन्हें सामान्य कचरे में मिलाने के बजाय अलग रखना अनिवार्य होगा।

आरडब्ल्यूए और वार्ड कमेटियों की अहम भूमिका

इस योजना को सफल बनाने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और वार्ड कमेटियों को शामिल किया गया है। स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने, कचरे का पृथक्करण करने और घर पर ही खाद बनाने के लिए प्रेरित करने में इनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।