{"vars":{"id": "91925:5179"}}

बाबैन विज्ञान प्रदर्शनी: आदर्श स्कूल के छात्रों ने किया कमाल

बाबैन के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरगट जट्टान में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। छात्रों ने सौर ऊर्जा, जल संरक्षण और स्मार्ट सिटी के मॉडल बनाकर सबको चौंकाया।
 

आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरगट जट्टान में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर दिखाई अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच

बाबैन, 28 अक्तूबर (सुरेश अरोड़ा): आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरगट जट्टान में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सोहन लाल सैनी, प्रबंधक उर्मिला सैनी तथा प्रधानाचार्य रोबिन कुमार ने मुख्य अतिथि रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष व प्रोफेसर डॉ. भावना पारीक तथा डॉ.  महर्षि मारकंडेश्वर यूनिवर्सिटी मुलाना से नदीम शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके पश्चात माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, स्मार्ट सिटी, इनविजिबल फायर, बजर एवं एलईडी लाइट, जलविद्युत जनरेटर, स्व-प्रेरित संश्लेषण, वाटर रॉकेट, प्रदूषण नियंत्रण तथा आधुनिक तकनीक जैसे विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया तथा दैनिक जीवन में उनके वैज्ञानिक महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी।

विशेषज्ञ अतिथियों ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी अपनी नई सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रयोगों के माध्यम से भविष्य में देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा छठी की यशवी एवं परनीत, कक्षा सातवीं के दीपेन, कक्षा नौवीं के अनुज, हर्षित एवं जीवांश तथा कक्षा बारहवीं के कुंजन प्रमुख रहे। इन विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रोबिन कुमार ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को करके सीखने का अवसर प्रदान करती है। ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता, समस्या समाधान के कौशल तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा, रचनात्मकता और नवाचार के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

विद्यालय के प्रबंधक सोहन लाल सैनी ने कहा कि विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा नई-नई खोजों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञ अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। विज्ञान प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए एक प्रभावशाली मंच प्रदान किया।