बैन में कांग्रेस का रोष मार्च, ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा क्यों मांगा?
बाबैन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा बाजार ------- बाबैन के मुख्य चौंक से तहसील परिसर तक निकाला रोष मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
बाबैन, 19 अक्तूबर (सुरेश अरोड़ा):
बाबैन में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया । बाबैन की पुरानी अनाजमंडी में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और वहां से मेन बाजार होते हुए तहसील परिसर तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।
प्रदर्शन की अगुवाई अंबाला विधायक एवं पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम की ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जयपाल पांचाल ने अध्यक्षता की। कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ के नारे लगाए। अंबाला विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में यदि सवाल हैं तो चुनाव आयोग को उनका जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार चुनावी पारदर्शिता और वोट से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। कांग्रेस सडक़ से लेकर संसद तक इस मुद्दे को उठाती रहेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही सुनिश्चित करने और पद से इस्तीफा देने की मांग की। निर्मल सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता का विश्वास लगातार कम हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं, किसानों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज युवा रोजगार के लिए, किसान अपनी फसलों के उचित मूल्य के लिए और आम आदमी महंगाई जैसी समस्याओं को लेकर परेशान है। शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जयपाल पांचाल, राकेश अग्रवाल, अनाज मंडी एसोसिएशन चेयरमैन लाभ सिंह घिसरपड़ी, हरकेश सैनी, संजीव सैनी भूखड़ी, गुरदेव सूरा, परवीन सिंगला, प्रिंस घिसरपड़ी, शमशेर मलिक, रामपाल सैनी, मामचंद प्रजापत , जसमेर सिंह, भगवंत सिंह विर्क ,धर्मवीर सिंह, मुकेश शर्मा, राजेश ईशरहेड़ी, संजीव चोपड़ा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।