{"vars":{"id": "91925:5179"}}

बाबैन मंडी में पहला आलू ₹1335 क्विंटल बिका,

बाबैन अनाज मंडी में आलू के नए सीजन की शुरुआत हो गई। भूखड़ी के किसान जसवीर सिंह का पहला आलू 1335 रुपये प्रति क्विंटल बिका। जानिए कम भाव मिलने की वजह।
 

बाबैन अनाज मंडी में आलू की फसल की आवक का हुआ श्रीगणेश, 1335 रुपये प्रति क्विंटल बिका सीजन का पहला आलू ----------------------------- आलू की पहली फसल लेकर पहुंचे भूखड़ी के किसान जसवीर सिंह को मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने किया सम्मानित बाबैन, 11 नवंबर (सुरेश अरोड़ा) : बाबैन अनाज मंडी में आलू के नए सीजन की आवक शुरू हो गई है। सीजन की पहली आलू की फसल लेकर मंडी में पहुंचे गांव भूखड़ी के किसान जसवीर सिंह को मार्केट कमेटी बाबैन के चेयरमैन जसविंदर सिंह जस्सी, सचिव गुरमीत सिंह सैनी, ऑक्सनर आदित्य दहिया ने शाल देकर व मिठाई खिलाकर किसान को सम्मानित किया। मंडी में स्थित नरेंद्र पाल ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंची आलू की पहली ढेरी की बोली 1335 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से लगी। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव गुरमीत सिंह सैनी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे मंडी में अपनी आलू की फसल को अच्छी तरह साफ-सुथरी करके ही लेकर आएं, ताकि उन्हें अपनी फसल का उचित भाव मिल सके। उन्होंने कहा कि आज मंडी में पहुंची आलू की फसल का आकार अपेक्षाकृत छोटा होने के कारण इसका भाव ज्यादा नहीं मिल पाया। यदि आलू का आकार बड़ा और गुणवत्ता अच्छी होती तो किसान को बेहतर भाव मिल सकता था। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि अच्छी गुणवत्ता और उचित आकार वाली फसल की बाजार में हमेशा बेहतर मांग रहती है। इससे किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिलने के साथ-साथ अधिक आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। इस अवसर पर मंडी में सीजन की पहली आलू की फसल की आवक को लेकर किसानों और आढ़तियों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में व्यापारी आलू खरीदने के लिए पहुंचें। इस अवसर पर मंडी एसोसिएशन के प्रधान विनोद सिंगला, व्यापारी नायब पटाकमाजरा, हरकेश सैनी, कौशल सैनी, मोहन चुघ, राजेश कुमार, प्रवीण कुमार, संदीप कुमार, महेश कुमार, बीर सिंह, रघुवीर सिंह के अलावा अनेक व्यापारी एंव खरीददार उपस्थित रहे।