बाबैन के संघोर में सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
सेवा सेतु अभियान से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : विकास शर्मा
बाबैन, 16 अक्तूबर (सुरेश अरोड़ा): गांव संघोर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु अभियान एवं मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना रहा। शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा जालखेड़ी ने मुख्य रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजकुमार बेदी, महामंत्री अनिल टाटकी, महामंत्री भीम सिंह, रिंकू शर्मा,बी.एल.ए. टू विनोद शर्मा, सुशील शर्मा, श्याम लाल, महिन्द्र रंगा, राम बुहावी, कमल बुहावी, फूल सिंह फ़ालसंडा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से ग्रामीणों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों को आसानी से मिल सके, इसके लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं की जानकारी, आवेदन करने और आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं कम आय वाले परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध करवाना है। शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपनी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और किसी भी योजना से संबंधित जानकारी के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें। इस शिविर में एस डी एम राजेश सोनी एवं
बीडीपीओ सुशील मंगला ने शिविर का अवलोकन किया। बी डी पी ओ सुशील मंगला ने शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए गए तथा लोगों की समस्याओं और शिकायतों को भी दर्ज किया गया, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान किया जा सके। इस
शिविर में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों ने स्टॉल लगाए जिनके माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों, कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध करवाई गईं।