बाबैन स्कूल में NEP 2020 प्रशिक्षण, जानें खास बातें
विद्यालय मे समय-समय पर एक विशेष क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करना सराहनीय : कैलाशो सैनी
बाबैन,10 अक्तूबर(सुरेश अरोड़ा):
भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से एक विशेष क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाराणा प्रताप स्कूल की प्रिंसिपल ज्योतिष्मा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती वंदना के साथ विद्यालय प्रबन्धक कमेटी की प्रधान व पूर्व सांसद कैलाशो सैनी द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल ज्योतिष्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उद्देश्य शिक्षा को केवल किताबी-ज्ञान तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के विकास को सुनिश्चित करना है। इसमे प्रारंभिक बाल्यावस्था की शिक्षा को भी विशेष महत्व दिया गया है, बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उसके भविष्य की नींव तैयार करती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा प्रदान करना आवश्यक है, जो उनमें रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, कौशल विकास और समस्या-समाधान की योग्यता को विकसित करे। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, गतिविधि-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक विद्यार्थी में अपनी अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। इसलिए शिक्षण प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जो विद्यार्थियों की रुचि, योग्यता और व्यक्तिगत विकास को प्रोत्साहित करे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत अनुभवात्मक शिक्षा, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा के महत्व पर भी चर्चा की गई। रिसोर्स पर्सन प्रिंसिपल ज्योतिष्मा ने शिक्षकों को बदलते शैक्षणिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाने का संदेश दिया। अंत में स्कूल प्रिंसिपल सुनीता खन्ना ने संबोधित करते हुए कहा हमारा लक्ष्य केवल अच्छे विद्यार्थी बनाना नहीं , बल्कि अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।