बाबैन कुश्ती दंगल: मनी कल्याणा ने रिंकू कैथल को हराया
कुश्ती दंगल हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा : अमित सैनी
गांव यारा में आयोजित विशाल कुश्ती दंगल में पहलवान मनी कल्याणा ने रिंकू कैथल को दी शिकस्त
बाबैन, 21 अक्तूबर (सुरेश अरोड़ा):
गांव यारा में इलाके के जाने-माने पहलवान श्याम सुंदर की ओर से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में हरियाणा सहित दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आए नामी पहलवानों ने भाग लेकर अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में समाजसेवी अमित सैनी पोंकी और मास्टर रमेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर समाजसेवी अमित सैनी पोंकी और मास्टर रमेश शर्मा ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती मुकाबलों का शुभारंभ करवाया। दंगल में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। पहलवानों के शानदार दांव-पेच देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। समाजसेवी अमित सैनी पोंकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कुश्ती दंगल हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल आपसी भाईचारे और सामाजिक मेलजोल को भी मजबूत बनाते हैं। ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को उचित प्रोत्साहन मिले तो आने वाले समय में यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान उभरकर सामने आ सकते हैं। दंगल में पहलवान मनी कल्याणा की कुश्ती कला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मनी कल्याणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहलवान रिंकू कैथल को शिकस्त दी। इसके अलावा पहलवान हैप्पी रोनी, साहिल कैथल, गौरव कल्याणा, मनजीत रानी माजरा और प्रिंस सुरखपुर सहित अन्य पहलवानों ने भी अखाड़े में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता पहलवानों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
समाजसेवी अमित सैनी पोंकी ने दंगल के सफल आयोजन के लिए पहलवान श्याम सुंदर और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अच्छा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी सहयोग देने की बात कही।
इस अवसर पर समाजसेवी ठेकेदार साहब सिंह खरींडवा, पूर्व सरपंच बरखा राम, सतबीर यारा, वैभव शर्मा, पूर्व सरपंच मांगे राम, पूर्व सरपंच विनोद सैनी, राजीव शर्मा, योगराज शर्मा, पंकज शर्मा, जय प्रकाश सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।