बाबू बालमुकुंद गुप्त जयंती: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने दी श्रद्धांजलि
बाबू बालमुकुंद गुप्त ने अंग्रेजो के खिलाफ लड़ी साहित्यिक लड़ाईः प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री बाबू बालमुकुंद गुप्त का साहित्य सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण दस्तावेजः डॉ. प्रीतम सिंह’’ कुवि के हिंदी विभाग में मनाई गई बाबू बालमुकुंद गुप्त जयंती
शशि अरोड़ा /अटल हिन्द
---------------------
कुरुक्षेत्र/13 नवंबर 2026/
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में हिंदी विभाग द्वारा हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित साहित्यकार, निर्भीक पत्रकार एवं प्रखर चिंतक बाबू बालमुकुंद गुप्त जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के गणपति चंद्र गुप्त सभागार में आयोजित संगोष्ठी में हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने कहा कि बाबू बालमुकुंद गुप्त ने अंग्रेजो के खिलाफ साहित्यिक लड़ाई लड़ी। भाषा को अलग अलग पहचान अंग्रेजों की दी हुई है। उन्होंने आह्वान किया कि जब तक हम अंग्रेजों के इस मानसिक जाल से बाहर नहीं निकलेंगे, तब तक हमारा कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बाबू बालमुकुंद गुप्त हिंदी साहित्य और पत्रकारिता के इतिहास में एक ऐसी महत्वपूर्ण विभूति हैं, जिन्होंने अपनी निर्भीक, ओजस्वी और विचार प्रधान लेखनी से हिंदी भाषा को नई प्रतिष्ठा प्रदान की। वे केवल साहित्यकार नहीं थे, बल्कि अपने समय के सजग प्रहरी, राष्ट्रीय चेतना के संवाहक और सामाजिक विसंगतियों पर प्रखरता से प्रहार करने वाले पत्रकार भी थे। उनकी लेखनी में भाषा के प्रति आत्मीयता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बाबू बालमुकुंद गुप्त ने पत्रकारिता को केवल समाचारों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं माना, बल्कि उसे समाज को जागरूक करने, जनमत तैयार करने और राष्ट्रीय स्वाभिमान को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम बनाया। केयू डॉ. भीमराव अंबेडकर शोध संस्थान के निदेशक डॉ. प्रीतम सिंह ने बाबू बालमुकुंद गुप्त के लेखन के शोधपरक और ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका साहित्य सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। गुप्त जी के साहित्य का अध्ययन तत्कालीन सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक परिस्थितियों को समझने में सहायक है। डॉ. प्रीतम ने कहा कि कलम से क्रांति की लौ जलाने वाले बाबू बालमुकुंद गुप्त ने हमारी ही मिट्टी पर जन्म लिया था। उन्होंने शिवशंभू के चिट्ठे का जिक्र करते हुए कहा कि शिवशंभू (नशेड़ी) रूपी व्यंग्य ने कर्जन की कुर्सी हिला दी थी। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि जो भाषा अपने समाज को समझ न आए, वह समाज का विकास नहीं कर सकती। इसलिए हमें अपनी जड़ों को पहचानकर अपनी प्रतिभा का सदुपयोग करना चाहिए। संस्कृत प्रकोष्ठ के निदेशक डॉ. चितरंजन दास कौशल ने कहा कि बाबू बालमुकुंद गुप्त के लेखन में देश, समाज और सार्वजनिक जीवन से के प्रति सजग दृष्टि दिखाई देती है। उनकी पत्रकारिता हिंदी समाज में विचार और चेतना के प्रसार का महत्त्वपूर्ण माध्यम बनी। डॉ. कौशल ने दो गायों की कहानी और उर्दू की अपील जैसे प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि देवनागरी लिपि को प्रचारित और प्रसारित करने में गुप्त जी का भारी योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदी हृदय की भाषा है। हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने बाबू बालमुकुंद गुप्त की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके लेखन में अपने समय के सामाजिक प्रश्नों, जनसरोकारों और राष्ट्र के प्रति जागरूकता का समन्वय दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी विद्यार्थियों को उनके साहित्य से संवेदनशीलता, तर्कशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही, स्वदेशी जागरण का अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. धर्मवीर ने कहा कि बाबू बालमुकुंद गुप्त की लेखनी में अपने समय की सामाजिक, राजनीतिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों का सजीव चित्रण मिलता है। उन्होंने उनके लेखन में निहित राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा की। संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र ने हिंदी भाषा और साहित्य के विकास में बाबू बालमुकुंद गुप्त के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महान साहित्यकार बाबू बालमुकुंद गुप्त को स्मरण करते हुए कहा कि उनके 42 वर्ष के छोटे से जीवनकाल में उन्होंने असाधारण साहित्यिक स्वप्न रचे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि डिजिटल युग में सूचना की अधिकता के बीच प्रमाणिक अध्ययन, विवेकपूर्ण अभिव्यक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। संगोष्ठी के अंत में संयोजक डॉ. जसबीर सिंह ने मुख्यातिथि, वक्ताओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर प्रो. कुलदीप सिंह, डॉ. लता खेडा सहित शिक्षक, शोधार्थी व विद्यार्थी मौजूद रहे। बाक्स बाबू बाल मुकुंद का साहित्य पाठ्यक्रम में किया जाएगा शामिलः प्रो. महासिंह पूनिया हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि प्रसिद्ध साहित्यकार बाबू बालमुकुंद गुप्त के साहित्य को अगले सत्र से पाठ्यक्रम में जोड़ा जाएगा। बाबू बालमुकुंद गुप्त का हिंदी साहित्य, पत्रकारिता और भाषा के विकास में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी साहित्यिक विरासत और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके साहित्य एवं रचनात्मक योगदान को विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थी उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, राष्ट्रवादी विचारधारा और हिंदी भाषा के प्रति उनके समर्पण से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में ऐसे महान साहित्यकारों को उचित स्थान देना उनके योगदान को शैक्षणिक और वैचारिक स्तर पर सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।