{"vars":{"id": "91925:5179"}}

गुरुकुल लाडवा में ‘नवक्षितिज’: मलखम और योग ने जीता दिल

गुरुकुल लाडवा खरकाली के पांचवें वार्षिक उत्सव नवक्षितिज में विद्यार्थियों ने मलखम, योग, पिरामिड और देशभक्ति प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
 

गुरुकुल के छात्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं : अनिल कुमार पांचवें वार्षिक उत्सव ‘नवक्षितिज’ में विद्यार्थियों ने मलखम, योग और देशभक्ति प्रस्तुतियों से बांधा समां

लाडवा, 2 नवंबर (मानव  गर्ग): गुरुकुल लाडवा खरकाली में शनिवार को पांचवां वार्षिक उत्सव ‘नवक्षितिज’ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने योग, मलखम, पिरामिड निर्माण, लाठी संचालन और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के हैरतअंगेज करतब देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए और पूरा गुरुकुल परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह में रादौर के नायब तहसीलदार अनिल कुमार और डॉ. मनीष वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल के चेयरमैन डॉ. अमन पंजेटा ने की। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया, जिसकी मुख्य अतिथियों ने सलामी ली।

करीब चार घंटे तक चले कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने योग, दंड-बैठक, मलखम, पिरामिड निर्माण और लाठी संचालन के माध्यम से शारीरिक कौशल का परिचय दिया। वहीं पहलगाम आतंकी घटना पर आधारित देशभक्ति प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया। देशभक्ति गीतों और पंजाबी भंगड़े ने भी खूब समां बांधा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने हर किसी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा कि गुरुकुल लाडवा खरकाली के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति से जुडऩे की सीख दी जा रही है। गुरुकुल में विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ जीवन के मूल्यों को भी आत्मसात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन साफ दिखाई देती है।

अन्य वक्ताओं ने भी गुरुकुल शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति के अनुरूप अनुशासित वातावरण में बच्चों को शिक्षा देना सराहनीय पहल है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में भी सहायक होते हैं। समारोह के समापन पर विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं गुरुकुल प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सतीश सागवान, डॉ. मनीष वर्मा, रणधीर पंजेटा, आशा चौधरी, डॉ. अमन पंजेटा, अमित पंजेटा, मीनाक्षी छाबड़ा और कुलविंद्र खैरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।