{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का समापन और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियां

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का समापन, अंतरराष्ट्रीय मंच पर छात्रा की प्रस्तुति और अन्य अपडेट्स।
 

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विभिन्न विभागों द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों में लोक नृत्य कार्यशाला का समापन, मीडिया छात्रा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि, फोटोग्राफी क्लब का ओरिएंटेशन और अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी की घोषणा शामिल है।

हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का सफल समापन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में संगीत एवं नृत्य विभाग के तत्वावधान में 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित 15 दिवसीय हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का सोमवार को समापन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. ए.आर. चौधरी ने प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि लोक कलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने तथा पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। विशेष अतिथि प्रो. विवेक चावला ने अपने संबोधन में रील टू रियल के सिद्धांत पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में कला और संस्कृति केवल मोबाइल स्क्रीन या सोशल मीडिया रील्स तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। लोक कला का वास्तविक महत्व तभी है, जब कलाकार इन पारंपरिक विधाओं को अपने वास्तविक जीवन, चरित्र और दैनिक व्यवहार में उतारकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने और लोक कला को जीवनभर संजोकर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यशाला को सफल बनाने में विभाग के चेयरपर्सन डॉ. अशोक शर्मा तथा संगीत विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरविंदर सिंह लोंगोवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षक सन्नी कुमार के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने हरियाणवी लोक नृत्य की विभिन्न बारीकियों, भाव-भंगिमाओं, ताल एवं लय का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणवी लोक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। पारंपरिक प्रस्तुति गूंगा धमोडा ने दर्शकों को विशेष रूप से मंत्रमुग्ध किया। इसके अतिरिक्त तीन प्रभावशाली एकल नृत्य प्रस्तुतियां तथा आकाश द्वारा प्रस्तुत एकल शास्त्रीय नृत्य समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे। कार्यशाला के समापन अवसर पर विभाग के चेयरपर्सन डॉ. अशोक शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रिसर्च स्कॉलर रिम्मी वर्मा ने किया। रिसर्च स्कॉलर नवजोत एवं सुरेश कुमार ने कार्यक्रम के प्रबंधन में सहयोग दिया। अंत में डॉ. हरविंदर सिंह लोंगोवाल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और समारोह का समापन हुआ।

केयू मीडिया संस्थान की छात्रा ने किया हरियाणा का नाम रोशन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के कुशल मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान की बीएससी प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग की पांचवें सेमेस्टर की छात्रा कोमल ने जॉर्डन के हाशमाइट किंगडम में आयोजित इंटरनेशनल कल्चर इवेंट-2026 में हिस्सा लेकर पंजाबी लोकनृत्य एवं संस्कृति की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कोमल ने पंजाबी लोक संस्कृति, लोकनृत्य और भारतीय परंपराओं को अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने खूब सराहा। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति की टीम ने भी अपनी विविध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय संस्कृति की टीम का नेतृत्व पटियाला की लोकनाच सोसायटी के निदेशक उस्ताद रवि कूनर ने किया। भारतीय संस्कृति दल के सभी सदस्यों को उस्ताद रवि कूनर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका प्रोफेसर बिंदु शर्मा ने छात्रा कोमल की प्रशंसा करते हुए कहा कि कोमल ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से न केवल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि हरियाणा और भारत की सांस्कृतिक पहचान को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि पंजाबी संस्कृति की धूम यूरोप, एशिया, अमेरिका और विश्व के अन्य महाद्वीप तक लगातार पहुंच रही है। पंजाबी संस्कृति स्नेह, भाईचारे, आपसी सहयोग और एकता की संस्कृति है, जो लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जुड़ने के अवसर मिलना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोमल की यह उपलब्धि संस्थान के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

केयू आईआईएचएस में फोटोग्राफी क्लब का इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में सोमवार को फोटोग्राफी क्लब के इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईआईएचएस की प्राचार्या प्रो. रीटा ने विद्यार्थियों को क्लब की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि फोटोग्राफी के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ परिसर जीवन के यादगार पलों को संजो और दस्तावेजित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के क्लब विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष से बाहर व्यावहारिक एवं रचनात्मक कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में प्रो. कुसुम लता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट वक्ता प्रो. अश्वनी मित्तल ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि एक अच्छी तस्वीर केवल दृश्य को कैद नहीं करती, बल्कि उसके माध्यम से कहानी भी प्रस्तुत की जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सार्थक क्षणों को पहचानने, बेहतर संयोजन तथा दृश्य कथ्य विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से रत्नावली, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में फोटोग्राफी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. ज्योति चौहान एवं डॉ. मनीष गोयल ने किया। उन्होंने फोटोग्राफी क्लब की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब विद्यार्थियों को फोटोग्राफी कौशल विकसित करने, विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शनियों में भाग लेने तथा विश्वविद्यालय के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को रचनात्मक रूप से दस्तावेजित करने के अवसर प्रदान करेगा। इस अवसर पर प्रो. कुसुम लता, डॉ. तनु शर्मा, डॉ. सेनाहे, डॉ. संजीव ग्रेवाल, डॉ. वीर विकास एवं डॉ. सचिन सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने फोटोग्राफी क्लब की आगामी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।

केयू में गुरु गोबिंद सिंह चेयर की अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी 22-23 अक्टूबर को

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में गुरु गोबिंद सिंह चेयर द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी शख्सियत, बाणी और विरासत विषय पर दो-दिवसीय बहुविषयक अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 22-23 अक्टूबर 2026 को सुबह 09.30 बजे से विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में हाइब्रिड मोड में किया जाएगा। यह संगोष्ठी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुरुगद्दी दिवस तथा गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति जोत दिवस की 318वीं वर्षगाँठ की पावन स्मृति में हो रही है। संगोष्ठी में गुरु जी के जीवन दर्शन, वाणी, दसम ग्रंथ, ज़फ़रनामा, युद्ध-नीति और खालसा पंथ की साजना जैसे विषयों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएँगे। शोध-पत्र का सारांश 12 अक्टूबर तथा पूर्ण शोध-पत्र 18 अक्टूबर 2026 तक भेजा जा सकता है। पंजीकरण अनिवार्य है, जिसका शुल्क संकाय सदस्यों व विद्वानों के लिए 500 रुपये और शोधार्थियों के लिए 300 रुपये है। संगोष्ठी के संयोजक डॉ. धर्मबीर हैं। अधिक जानकारी के लिए 9416126359 पर संपर्क किया जा सकता है।