{"vars":{"id": "91925:5179"}}

देसां म्है देश हरियाणा, जित दूध दही का खाणा

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रत्नावली महोत्सव में 3000 से अधिक कलाकार 33 विधाओं में हरियाणा की लोकसंस्कृति, रागनी, सांग, लोकनृत्य और परंपराओं की झलक दिखा रहे हैं।
 

देसां म्है देश हरियाणा, जित दूध दही का खाणा रत्नावली में देखने को मिली हरियाणा की सांस्कृतिक झलक हरियाणा की संस्कृति का गौरवशाली आईना बनी रत्नावली लोकगीतों, लोक नृत्यों, पारंपरिक वेशभूषा, बोली और लोक कलाओं के माध्यम से राष्ट्रीय पटल पर अपनी सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत कर रहा हरियाणा

रत्नावली महोत्सव: 3000 कलाकारों से सजी हरियाणा की लोकसंस्कृति

कुरुक्षेत्र, 2 नवंबर। देशां में देश भारत, भारत में हरियाणा’ की लोकभावना हरियाणा की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं को अभिव्यक्त करती है। भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत में हरियाणा की लोकसंस्कृति का अपना अलग स्थान है। यहां की मिट्टी में रची-बसी रागनियां, लोकगीत, सांग, लूर, रसिया, लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और लोकजीवन की परंपराएं प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की परिचायक हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रत्नावली समारोह इसी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने, संवारने और देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय रत्नावली महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति के विविध रंग एक ही मंच पर देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 3000 से अधिक कलाकार 33 सांस्कृतिक विधाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा और परंपराओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा के सामाजिक जीवन, लोकमान्यताओं, पारिवारिक संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत दस्तावेज बनकर सामने आ रहा है। रत्नावली के मंच पर कहीं रागनियों के माध्यम से लोकजीवन की संवेदनाएं सुनाई दे रही हैं तो कहीं लूर और रसिया नृत्य के माध्यम से पारंपरिक उत्सवधर्मिता दिखाई दे रही है। हरियाणवी सांग, लोकगीत, भजन, लोकवाद्य यंत्र, नाट्य प्रस्तुतियां और हरियाणवी फैशन शो प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को नए अंदाज में प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं पारंपरिक आभूषणों, पगड़ी, धोती-कुर्ता और महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से हरियाणा की पहचान को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस महोत्सव की विशेषता यह भी है कि इसमें हरियाणा की संस्कृति को केवल मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रखा गया है। लोकचित्रकला कार्यशाला, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और प्राचीन हरियाणवी वस्तुओं का प्रदर्शन प्रदेश की पारंपरिक जीवनशैली से रूबरू करवा रहा है। सांझी जैसी लोककला से लेकर ग्रामीण जीवन में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक वस्तुएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पूर्वजों की जीवनशैली से परिचित करवा रही हैं। रत्नावली का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि यह हरियाणवी संस्कृति को आधुनिक समय और वैश्विक परिवेश से जोड़ रही है। हरियाणवी फैशन शो, एनआरआई फैशन शो, हरियाणवी कोरियोग्राफी और लोकसंगीत की आधुनिक प्रस्तुतियां इस बात का प्रमाण हैं कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए भी परंपराओं को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। आज जब वैश्वीकरण के दौर में क्षेत्रीय भाषाओं और लोकपरंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ऐसे समय में रत्नावली जैसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रत्नावली के माध्यम से हरियाणा की लोकसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। वास्तव में, ‘देशां में देश भारत, भारत में हरियाणा’ की भावना को रत्नावली अपने लोक रंगों, लोकधुनों और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से साकार कर रही है।