लाडवा के 27 गांवों में सामुदायिक केंद्र, 27 करोड़ मंजूर
लाडवा विधानसभा के 27 गांवों में बनेंगे सामुदायिक केंद्र, मुख्यमंत्री ने मंजूर किए 27.18 करोड़ रुपये
रामशरण माजरा, बीड़ मथाना और ईशरगढ़ में तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सामुदायिक केंद्रों का मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने किया निरीक्षण बाबैन,14 अक्तूबर(सुरेश अरोड़ा): लाडवा विधानसभा क्षेत्र के 27 गांवों में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने 27 करोड़ 18 लाख 25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर इन गांवों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सामुदायिक केंद्रों का निर्माण शुरु करवा दिया गया है। 27 गांवों में बनने वाले अधिकांश सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं अब अपने ही गांव में मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने बुधवार को रामशरण माजरा, बीड़ मथाना और ईशरगढ़ में तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सामुदायिक केंद्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल बाबैन के प्रधान विकास शर्मा, महासचिव अनिल टाटकी, भीम बेरथला, रिंकू कश्यप, सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश, कौशल सैनी, आत्मा राम, जगमाल सिंह, पंचायती राज विभाग के अधिकारी एंव ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को इन्हें जल्द पुरा करने के निर्देश दिये। बाबैन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कैलाश सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के 27 गांवों में बड़े सामुदायिक केंद्रों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें रामशरण माजरा, बीड़ मथाना और ईशरगढ़ में तीन-तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि शेष 24 गांवों में प्रत्येक सामुदायिक केंद्र के निर्माण पर 65-65 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इन केंद्रों के बनने से ग्रामीणों को अपने गांव में ही सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक केंद्र ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। इनका उपयोग शादी-विवाह, सामाजिक समारोहों, ग्रामीण बैठकों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। इससे ग्रामीणों को कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और गांवों में सामूहिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
40 किलोमीटर खेतों के रास्तों को इंटरलाकिंग टाईल से किया जा रहा है पक्का मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने बताया कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ किसानों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र के गांवों में करीब 40 किलोमीटर लंबे खेतों के रास्तों को पक्का किया जा रहा है। इन रास्तों पर इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जाएंगी, जिससे किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने में सुविधा होगी। रास्ते पक्के होने से कृषि कार्यों के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य कृषि वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी।