{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा में रक्तदान शिविर: 65 लोगों ने किया रक्तदान, डीएसपी ने दिया संदेश

लाडवा के संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल में डॉ. वरियाम सिंह के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर लगा। 65 लोगों ने रक्तदान किया। डीएसपी निर्मल कुमार ने जागरूक किया।
 

संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर आयोजित, 65 लोगों ने किया रक्तदान

चेयरमैन डॉ. वरियाम सिंह के जन्मदिवस पर डीएसपी निर्मल कुमार ने किया रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक

लाडवा, 16 अक्टूबर (मानव  गर्ग):  संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल, लाडवा में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. वरियाम सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 65 लोगों ने रक्तदान कर मानवता और समाज सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में लाडवा के डीएसपी निर्मल कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर राकेश खुराना और रोहित गर्ग भी उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अमरजीत कौर संधू ने मुख्य अतिथि डीएसपी निर्मल कुमार का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है। इस प्रकार के आयोजन समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। मुख्य अतिथि डीएसपी निर्मल कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस पुनीत कार्य में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामथ्र्य के अनुसार जनकल्याण के कार्यों में योगदान देना चाहिए। प्रधानाचार्या अमरजीत कौर संधू ने चेयरमैन डॉ. वरियाम सिंह के समाज सेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन मानवता और जनकल्याण के लिए प्रेरणादायक है। उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेते हुए विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि डॉ. वरियाम सिंह के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने और उनकी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद करना मानवता की सच्ची सेवा है।

शिविर में 65 लोगों द्वारा रक्तदान करना आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही। विद्यालय की इस पहल ने समाज को रक्तदान के प्रति जागरूक रहने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनमें मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और देश की सेवा कर सकें।