लाडवा दुर्गा पूजा महोत्सव: 19 अक्टूबर को होगा भव्य आयोजन
नवरात्र में मां भगवती की पूजा-अर्चना से मिलता है सकारात्मक ऊर्जा का संदेश: आनंद
समाजसेवी गीता आनंद ने दुर्गा पूजा महोत्सव में पहुंचकर की पूजा-अर्चना व आरती
लाडवा, 17 अक्टूबर(मानव गर्ग):
लाडवा की कृष्णा कॉलोनी में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के छठे दिन समाजसेवी गीता आनंद ने पंडाल में पहुंचकर मां भगवती की पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गीता आनंद ने कहा कि शारदीय नवरात्र शक्ति, भक्ति और साधना का पर्व है। मां भगवती की आराधना हमें बुराइयों को त्यागकर सत्य, सेवा, प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। नवरात्र केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पर्व महिलाओं के सम्मान, नारी शक्ति के महत्व और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा मजबूत होता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व संस्कारों से जुडऩे का अवसर मिलता है।
वहीं महोत्सव के आयोजक राकेश कुमार ने बताया कि कृष्णा कॉलोनी में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रतिदिन श्रद्धालु पंडाल में पहुंचकर मां भगवती की पूजा-अर्चना करते हैं और भजन-कीर्तन के माध्यम से माता की महिमा का गुणगान करते हैं। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को पश्चिमी यमुना नहर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद मां भगवती की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से शोभायात्रा में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की। मौके पर रिम्पी, सुनम, गीता, मेगा, ऊषा, आशा, प्रेरणा, दीपी, देवराज, राकेश, रॉकी, विशु, अंशु और तुषार सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।