लाडवा के 27 गांवों में बनेंगे आधुनिक सामुदायिक केंद्र, 27.18 करोड़ मंजूर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरों की तर्ज पर करवाया जा रहा है लाडवा विधानसभा के गांवों का विकास : सुमन सैनी
बाबैन, 16 अक्टूबर (सुरेश अरोड़ा) :
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों की सुविधा के लिए 27 गांवों में आधुनिक सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाया जाएगा। इसी कड़ी में आज बीड़ खैरी, कनीपला, बिहोली, और दबखेड़ा में विधिवत भूमि पूजन कर सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया गया। ये सामुदायिक केंद्र गांवों में मिनी पैलेस का काम करेंगे। इनमें शादी-समारोह, सामाजिक बैठकें, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित सभी प्रकार के आयोजन हो सकेंगे। लाडवा विधानसभा के 27 गांवों में बनने वाले सामुदायिक केंद्रों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27.18 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। रामशरण माजरा, बीड़ मथाना और ईशरगढ़ में बन रहे सामुदायिक केंद्रों पर तीन-तीन करोड़ रुपये व 24 गांवों में प्रत्येक सामुदायिक केंद्र के निर्माण पर 65-65 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी शुक्रवार को 4 सामुदायिक केंद्र का भूमिपूजन और शिलान्यास करने के उपरांत बीड़ खैरी में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने बताया कि गांव कनीपला, बिहोली, बीड़ खैरी और दबखेड़ा में 65-65 लाख रुपए की राशि की लागत से अत्याधुनिक सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में गांवों के विकास को शहरों की तर्ज पर करवाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को अपने छोटे-बड़े कार्यक्रमों के लिए शहरों की तरफ न जाना पड़े। गांव में ही उन्हें सभी सुविधाएं मिलें।
सुमन सैनी ने कहा कि केवल सामुदायिक केंद्र ही नहीं, बल्कि इन गांवों में समग्र विकास के लिए करोड़ों रुपए की ग्रांट भी मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि बीड़ खैरी में 1 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। कनीपला में 1 करोड़ 9 लाख रुपए से गांव की गलियों, नालियों, फिरनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव बिहोली में 1 करोड़ 53 लाख रुपए से विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें से कई काम शुरू हो चुके हैं और कुछ काम जल्द शुरू होने वाले हैं। इसमें तालाब पर पार्क निर्माण का कार्य भी शामिल है। गांव दबखेड़ा में 1 करोड़ 18 लाख रुपए से गांव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हर गांव में समान रूप से विकास करवाया जा रहा है।
डीबीटी से सीधा लाभ, भ्रष्टाचार पर लगाम सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पारदर्शी शासन दिया जा रहा है। आज लाडो लक्ष्मी योजना व अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों के माध्यम से मिल रहा है। यदि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 100 रुपए भेजते हैं तो पूरे 100 रुपए ही लाभार्थी के खाते में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जबकि पहले की सरकारों में ऊपर से 100 रुपए भेजे जाते थे और धरातल पर केवल 20 रुपए ही पहुंचते थे, बाकी बीच में ही गायब हो जाते थे। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म कर सीधा लाभ जनता तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग खुशहाल उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंत्योदय की भावना से काम कर रहे हैं। किसान, मजदूर, महिला, युवा, व्यापारी सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाडो लक्ष्मी जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा बनाई जा रही इन सुविधाओं का सदुपयोग करें और उनकी देखभाल करें। विकास में जनभागीदारी सबसे जरूरी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, उपाध्यक्ष देशराज शर्मा, परमजीत कश्यप, पुनम सैनी, बीएलए-1 सतबीर मंगौली, प्रधान जितेंद्र खैरा, सरपंच बीड़ खैरी मुकेश देवी, सरपंच कनीपला गगनप्रीत कौर, सरपंच बिहोली आशा रानी, सरपंच दबखेड़ा जसविंदर कौर, गुरुदत्त शर्मा, गुरदीप सिंह, विजय गाबा, निर्मल कौलापुर, गरजा कश्यप सहित चारों गांवों के पंच, सरपंच और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।