लाडवा में अग्रसेन जयंती महोत्सव संपन्न, जानिए क्या रहा खास?
महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सेवा और सहयोग का संदेश दिया: गोयल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आठ दिवसीय महाराजा अग्रसैन जयंती महोत्सव सम्पन्न
लाडवा, 19 अक्टूबर(मानव गर्ग):
लाडवा की श्री अग्रवाल सभा, युवा अग्रवाल सभा व महिला इकाई की ओर से आयोजित आठ दिवसीय श्री महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव शिवाला रामकुण्डी में सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में श्री कृष्णा फाउंडेशन के संरक्षक विजेंद्र गोयल, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप गर्ग, अंकुश गोयल, अजय सिंगला, संगीत सिंघल, अंशु अग्रवाल तो वहीं महा आरती के यजमान के रूप में समाजसेवी नरेन्द्र सिंघल ने शिरकत की। इतना ही नहीं पूर्व विधायक रमेश गुप्ता व समाजसेवी मुकेश गर्ग ने महाराजा अग्रसेन चौंक पर स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यातिथि विजेन्द्र गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समाजसेवा, समानता, अहिंसा और आपसी सहयोग की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज में ऐसी व्यवस्था स्थापित करने का संदेश दिया, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ आगे बढऩे का अवसर मिले। महाराजा अग्रसेन की एक ईंट और एक रुपये की परंपरा सामाजिक सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट होकर जरूरतमंदों की मदद करने और सामाजिक उत्थान के लिए काम करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के जीवन और विचारों से परिचित करवाना समय की आवश्यकता है। वहीं श्री अग्रवाल सभा के प्रधान विकास सिंघल ने बताया कि इस बार महाराजा अग्रसेन जयंती आठ दिनों तक मनाई गई। महोत्सव के तहत 11 से 17 अक्टूबर तक शहर के अलग-अलग वार्डों में प्रतिदिन नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं। इन सभाओं के माध्यम से समाज के लोगों को जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
विभिन्न स्कूलों में भी महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों पर आधारित कार्यक्रम करवाए गए। वहीं युवा अग्रवाल सभा के प्रधान हिमांशु गोयल ने बताया कि आठ दिवसीय आयोजन का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना, समाज में एकता बढ़ाना और बच्चों व युवाओं को अपनी संस्कृति से जोडऩा था। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
वहीं समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। श्री अग्रवाल सभा की ओर से अग्रवाल समाज के उन छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को भी स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया।