{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा में बेमौसमी बारिश से धान की फसल बिछी, किसान परेशान

लाडवा में बेमौसमी बारिश से पकने को तैयार धान की फसल खेतों में बिछ गई। किसानों को कटाई में देरी, बढ़ते खर्च और खरीद में परेशानी की आशंका है। जानें पूरा मामला।
 

बेमौसमी बरसात से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में बिछी धान की पकी फसल; नुकसान की आशंका

तेज बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत, लेकिन किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

लाडवा, 12 अक्टूबर (मानव गर्ग):

रविवार दोपहर अचानक हुई तेज बरसात से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक आ गई, वहीं यह बारिश धान उत्पादक किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। लाडवा क्षेत्र में कई किसानों के खेतों में पककर तैयार होने के करीब पहुंच चुकी धान की फसल तेज बारिश के कारण जमीन पर बिछ गई। इससे किसानों को फसल की गुणवत्ता खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है।

             लाडवा क्षेत्र के किसान महेंद्र सिंह, तीरथ राम, केवल सिंह, विक्रम सिंह, मनोहर लाल और जसवंत सिंह आदि ने बताया कि रविवार को अचानक हुई तेज बरसात के कारण उनके खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। यह फसल कुछ ही दिनों में पककर कटाई के लिए तैयार होने वाली थी, लेकिन बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। किसानों के अनुसार, जमीन पर गिरी फसल की कटाई करना मुश्किल हो सकता है और इससे कटाई का खर्च भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि खेतों में पानी भरने और धान की फसल लंबे समय तक गीली रहने से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।

यदि फसल गीली रहने के कारण दानों का रंग खराब होता है या उनमें अंकुरण शुरू हो जाता है, तो सरकारी खरीद के दौरान गुणवत्ता संबंधी मानकों को पूरा करने में परेशानी आ सकती है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में दिक्कत और उचित भाव मिलने में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि खेतों में गिरी धान की फसल को सूखने में समय लगेगा। इससे कटाई में देरी होने के साथ मजदूरी और अन्य खर्च भी बढ़ सकते हैं। वहीं, यदि दोबारा बारिश होती है तो खेतों में खड़ी और गिरी हुई फसल को और नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों को चिंता है कि पहले ही धान की खरीद और उठान को लेकर परेशानियां बनी हुई हैं, ऐसे में बेमौसमी बारिश उनकी मुश्किलें और बढ़ा सकती है।

किसानों के लिए बारिश बनी दोहरी चुनौती रविवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने का फायदा जरूर हुआ, लेकिन कटाई के नजदीक पहुंच चुकी धान की फसल के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हो सकती है। किसानों का कहना है कि इस समय उन्हें बारिश की जरूरत नहीं थी। अब उन्हें मौसम साफ होने, खेतों से पानी निकलने और फसल को जल्द सुखाने की चिंता सता रही है।