{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा रामलीला: भरत मिलाप देख भावुक हुए दर्शक

लाडवा रामलीला के नौवें दिन भरत मिलाप का भावुक मंचन हुआ। मोनिका बंसल और मुकेश गर्ग ने भाईचारे, त्याग और पारिवारिक एकता का संदेश दिया।
 

भरत मिलाप की लीला में सगे भाइयों के प्रेम ने दर्शकों को रुलाया, उमड़ी भारी भीड़ राम की खड़ाऊं लेकर अयोध्या लौटे भरत लाडवा, 13 अक्टूबर (मानव गर्ग):

लाडवा की श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के नौवें दिन भरत मिलाप की भावुक लीला का मंचन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री मोनिका बंसल व समाजसेवी मुकेश गर्ग ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती कर किया।

              भाजपा नेत्री मोनिका बंसल ने कहा कि भरत मिलाप केवल रामलीला का एक प्रसंग नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। भगवान श्रीराम पिता के वचन का पालन करते हुए वनवास स्वीकार करते हैं, वहीं भरत राजगद्दी को ठुकराकर बड़े भाई के प्रति प्रेम और सम्मान का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि आज छोटी-छोटी बातों को लेकर परिवारों में विवाद उत्पन्न हो जाते हैं।

ऐसे समय में भरत मिलाप का प्रसंग त्याग, संयम, आपसी प्रेम और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। यदि परिवारों में राम और भरत जैसे संस्कार आ जाएं, तो अनेक विवाद अपने आप समाप्त हो सकते हैं। वहीं समाजसेवी मुकेश गर्ग ने कहा कि भगवान श्रीराम और भरत का प्रेम भारतीय संस्कृति में भाईचारे, त्याग और संस्कारों का सर्वोच्च उदाहरण है। आज की पीढ़ी को ऐसे धार्मिक आयोजनों से जोडऩा जरूरी है, क्योंकि रामलीला मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आदर्श जीवनशैली को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने आयोजन के लिए समिति के सदस्यों की सराहना की। वहीं नौवें दिन की लीला में भरत को भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के वन गमन का पता चलने से लेकर अयोध्या पहुंचकर वहां की परिस्थितियों को जानने तक के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। माता कैकेयी से वनवास का कारण जानने के बाद भरत का उन्हें खरी-खोटी सुनाना और राजगद्दी स्वीकार करने से इनकार करना दर्शकों को भावुक कर गया।

माता कौशल्या के साथ भरत के विलाप और भगवान श्रीराम के प्रति उनके अगाध प्रेम ने वातावरण को गमगीन बना दिया। इसके बाद भरत का माता कौशल्या, अन्य माताओं, गुरु वशिष्ठ और अयोध्यावासियों के साथ भगवान श्रीराम को वापस लाने के लिए वन की ओर प्रस्थान करना भी भावुक प्रसंग रहा। माता कैकेयी के वन जाने की इच्छा जताने पर भरत द्वारा गाया गया गीत ‘ओ मैया, तूने क्या ठानी मन में, राम सिया भेज दिए वन में’ दर्शकों के दिलों को छू गया।

वहीं वन में भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य लीला का मुख्य आकर्षण रहा। दोनों भाइयों के बीच कर्तव्य और धर्म के पालन को लेकर हुए संवाद ने दर्शकों को भावुक करने के साथ प्रेरित भी किया। भरत ने भगवान श्रीराम से अयोध्या लौटने का आग्रह किया, लेकिन श्रीराम पिता के वचन और मर्यादा का पालन करने के अपने संकल्प पर अडिग रहे।

वहीं भरत मिलाप की लीला में भगवान श्रीराम की भूमिका अमित सिंघल, लक्ष्मण की राजेश वर्मा, माता सीता की विवेक शर्मा, भरत की सुमित सिंघल, शत्रुघ्न की शिवांश कंबोज, युधाजीत की गौरव कालड़ा, दूत की सोमनाथ सोमी, कैकेयी की संकेत, कौशल्या की शुभम शर्मा, सुमित्रा की अभिनव गोयल और गुरु वशिष्ठ की भूमिका राजू बडौंदी ने निभाई।