{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा विज्ञान प्रदर्शनी: 21 छात्रों का चयन, कौन जीता?

लाडवा विज्ञान प्रदर्शनी 2026-27 में सात विषयों पर विद्यार्थियों ने मॉडल प्रस्तुत किए। जानिए खैरी, बणी, बरौंदा और लाडवा के किन छात्रों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
 

लाडवा में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, 21 को जिला स्तर पर मिलेगा मौका सात विषयों पर विज्ञान और नवाचार के मॉडल किए प्रस्तुत, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. ऋषिपाल भारद्वाज ने की सराहना

लाडवा 21 अक्टूबर (मानव गर्ग):

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा में बुधवार को खंड स्तरीय राज्य बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में खंड के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। सात विषयों में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रत्येक विषय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित कुल 21 विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. ऋषिपाल भारद्वाज ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली तथा उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रहा। इसके अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बेहतर जीवन, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग एवं संगणकीय चिंतन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पारंपरिक कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान तथा आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए गए।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बेहतर जीवन विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खैरी के हरमन ने प्रथम, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा के गुरजीत ने द्वितीय तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बणी के आदित्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण विषय में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बणी के समर्थ प्रथम, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा के नवदीप सिंह द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खैरी की मानवी तृतीय स्थान पर रही।

गणितीय मॉडलिंग एवं संगणकीय चिंतन विषय में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा की कशिश कटारिया ने प्रथम, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बणी के खुशदीप सिंह ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खैरी की नीलाक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया।  स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खैरी के अक्षत ने प्रथम तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा की स्मृति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पारंपरिक कृषि पद्धतियों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा की याशिका प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बरौंदा के हेमंत द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खैरी के परमीत सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बरौंदा के करण ने प्रथम तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा के प्रबल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आपदा प्रबंधन विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बरौंदा के अंशुल प्रथम तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा की साक्षी द्वितीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में मॉडलों का मूल्यांकन निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा के जीव विज्ञान प्रवक्ता प्रवीन कुमार तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुहणा के रसायन विज्ञान प्रवक्ता संजीव कुमार शामिल रहे।

आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, खंड संसाधन व्यक्तियों और सहायक खंड संसाधन व्यक्तियों ने भी सहयोग दिया। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. ऋषिपाल भारद्वाज ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नए प्रयोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान का वास्तविक उद्देश्य समाज की आवश्यकताओं को समझना और उनका व्यावहारिक समाधान खोजना है। ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उन्हें नए विचारों पर काम करने और भविष्य में वैज्ञानिक एवं नवप्रवर्तक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।