{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा में पहली बार भव्य राम बारात, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

लाडवा में श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने पहली बार भव्य श्री राम बारात निकाली। धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया। जानिए आयोजन की खास बातें।
 

श्री राम हनुमान रामलीला समिति ने पहली बार निकाली भव्य राम बारात, चारों भाइयों का हुआ विवाह

सत्यम एन्क्लेव में तिलक समारोह व घुड़चढ़ी की रस्मों के साथ हुआ विवाह उत्सव का शुभारंभ

लाडवा, 10 अक्टूबर (मानव गर्ग):

लाडवा की श्री राम हनुमान रामलीला समिति द्वारा रामलीला मंचन के अंतर्गत पहली बार भव्य श्री राम बारात का आयोजन किया गया।  विवाह समारोह का शुभारंभ सत्यम एन्क्लेव स्थित समाजसेवी राकेश गोयल, श्री अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान दुर्गेश गोयल, भारत विकास परिषद के पूर्व प्रधान अमन गोयल तथा समाजसेवी अंकित गोयल के निवास स्थान पर भव्य घुड़चढ़ी समारोह के साथ हुआ।

           श्री अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान दुर्गेश गोयल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की अनुपम मिसाल है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करना हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का सराहनीय प्रयास है।

इसके पश्चात नगर खेड़े पर राजा दशरथ सहित चारों भाइयों ने माथा टेककर आशीर्वाद लिया। यहां से बारात शहर भ्रमण के लिए रवाना हुई। प्रसिद्ध उद्योगपति एवं जीआरएम फूड्स के चेयरमैन समाजसेवी प्रदीप गर्ग ने नारियल फोड?र और ध्वजा लहराकर बारात को रवाना किया। वहीं जीआरएम फूड्स के चेयरमैन एवं समाजसेवी प्रदीप गर्ग ने कहा कि भगवान श्रीराम से जुड़ी प्रत्येक लीला हमें जीवन में मर्यादा, सेवा, समर्पण और सदाचार अपनाने की प्रेरणा देती है। लाडवा में पहली बार इतने भव्य स्तर पर राम बारात का आयोजन होना शहर के लिए गौरव की बात है।

इन धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत शहर भ्रमण के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने राम बारात का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इनमें यूथ स्पोट्र्स एसोसिएशन, मैढ़ क्षत्रिय सुनार सभा, पैराडाइस यूथ एसोसिएशन, भारत विकास परिषद, श्री अग्रवाल सभा, युवा अग्रवाल सभा, पंजाबी सभा, रोटरी क्लब, रोट्रैक्ट क्लब, आंबेडकर सभा तथा कश्यप सभा सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं।

वहीं शहर भ्रमण के उपरांत राम बारात रामलीला मंच पर पहुंची, जहां मिथिलावासियों की ओर से समाजसेवी राजेश गर्ग और राजीव गुलाटी के परिवारों ने वधु पक्ष की भूमिका निभाते हुए बारात का भव्य स्वागत किया। विवाह की पारंपरिक रस्मों के अंतर्गत राजा दशरथ और राजा जनक की मिलनी करवाई गई। इसके साथ ही गर्ग और गुलाटी परिवारों ने वधु पक्ष की ओर से वर पक्ष के गोयल परिवार के साथ मिलनी की रस्म निभाई। इसके बाद रिबन कटाई की रस्म संपन्न हुई और चारों भाइयों की जयमाला करवाई गई।