इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में इंट्रा मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन
कुरुक्षेत्र, 8 अक्तूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में विद्यार्थियों के कानूनी ज्ञान, तर्कशक्ति, वकालत कौशल तथा न्यायिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने के उद्देश्य से इंट्रा मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में कुल 31 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के निदेशक प्रो. अमित लूदरी ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक न्यायालय जैसी परिस्थितियों का अनुभव प्रदान करना तथा उनमें कानूनी शोध, केस विश्लेषण, प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण और तार्किक बहस करने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यावहारिक विधिक ज्ञान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के उपनिदेशक डॉ. रमेश सिरोही ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने कानूनी प्रावधानों, तथ्यों और तर्कों के आधार पर अपने-अपने पक्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इससे विद्यार्थियों को न्यायालयीन प्रक्रिया को करीब से समझने और अपने वकालत कौशल को निखारने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ के पूर्व विद्यार्थियों (एलुमनाई) को प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रतिभागियों को व्यावहारिक कानूनी पहलुओं को समझने का अवसर मिला। पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता से संस्थान और एलुमनाई के बीच संबंध भी और मजबूत हुए।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन संयोजक डॉ. संत लाल के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. मंजिंदर गुल्यानी, डॉ. पूनम शर्मा तथा डॉ. जतिन ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भविष्य में एक कुशल विधि व्यवसायी के रूप में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ व्यावहारिक विधिक शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।