{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Lado Lakshmi Yojana: ₹2,100 पाने के लिए महिलाएं तुरंत ठीक कराएं ये दस्तावेज, बैंक खाता और जन्मतिथि वेरिफिकेशन जरूरी

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'लाडो लक्ष्मी योजना' का लाभ लेने वाली महिलाओं के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। यदि आपने अभी तक अपने दस्तावेज ठीक नहीं कराए हैं, तो योजना का लाभ अटक सकता है।
 

रेवाड़ी: प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'लाडो लक्ष्मी योजना' का लाभ लेने वाली महिलाओं के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। यदि आपने अभी तक अपने दस्तावेज ठीक नहीं कराए हैं, तो योजना का लाभ अटक सकता है। आवेदन करने से पहले महिलाओं को परिवार पहचान पत्र (PPP) में अपनी वार्षिक आय, बैंक खाते की आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) और जन्मतिथि को पूरी तरह सही व सत्यापित (Verify) करवाना अनिवार्य है।

दूसरे चरण में 52 हजार महिलाओं को मिलेगा लाभ

जिले में लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण के तहत करीब 52 हजार महिलाओं को लाभ मिलना है। इस चरण के लिए अब तक 10 हजार से अधिक महिलाएं पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर चुकी हैं, जिनकी विभाग द्वारा जांच की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन वेरिफाई होने के बाद विभाग की तरफ से पेंशन आईडी जारी की जाएगी, जिसके तुरंत बाद महिलाओं के खातों में योजना का लाभ पहुंचना शुरू हो जाएगा। हालांकि, कई महिलाओं के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं और कुछ के दस्तावेजों में जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज है, जिसके चलते वेरिफिकेशन प्रक्रिया में रुकावट आ रही है।

पहले चरण में मिल रही है 2100 रुपये की आर्थिक सहायता

लाडो लक्ष्मी योजना के पहले चरण में रेवाड़ी जिले की करीब 18 हजार महिलाएं लाभ उठा रही हैं। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया तेज हो गई है। जिन महिलाओं के आवेदन पत्रों में कोई त्रुटि (गलती) पाई जाएगी, उन्हें पोर्टल के माध्यम से सूचित किया जाएगा, ताकि वे समय रहते उसे ठीक करवा सकें।

आवेदन से पहले इन बातों का रखें खास ख्याल

परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना में पात्र महिलाओं को आवेदन करने से पहले निम्नलिखित बातों की जांच जरूर कर लेनी चाहिए:

पारिवारिक आय: परिवार पहचान पत्र में परिवार की वार्षिक आय सत्यापित (Verified) होनी चाहिए।

बैंक खाता: बैंक खाता एक्टिव होना चाहिए और उसमें आधार सीडिंग (लिंक) जरूर होनी चाहिए।

जन्मतिथि: दस्तावेजों और पीपीपी में जन्मतिथि एक समान और वेरिफाई होनी चाहिए।

यदि दस्तावेज सत्यापित नहीं हैं, तो पहले उन्हें ठीक करवाएं और उसके बाद ही आवेदन करें, ताकि वेरिफिकेशन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।