हरियाणा के पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, अब ग्रुप-C की नौकरी के लिए नहीं देनी होगी लिखित परीक्षा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कई अहम फैसलों को सरकार ने मंजूरी दी गई है। साथ ही पूर्व अग्निवीरों के हित में भी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें ग्रुप-C भर्ती में लिखित परीक्षा से छूट दी गई है।
आज यानि शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सचिवालय में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट मीटिंग हुई। जिसमें कई मंत्रियों के अलावा चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी और सीएम नायब सैनी के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर भी मौजूद रहे। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
जिसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। उन्होनें बताया कि राज्य की अग्निवीर नीति के दायरे में आने वाले ग्रुप-C पदों की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को सभी प्रकार की लिखित परीक्षाओं से छूट देने की मंजूरी दी गई।
इसके अलावा, वन्य जीव रक्षक, भारतीय रिजर्व बटालियन में कांस्टेबल, राज्य आपदा मोचन बल में कांस्टेबल और फायर ऑपरेटर-कम-ड्राइवर के पदों के लिए आवेदन करने वाले पूर्व अग्निवीरों को लागू प्रावधानों के अनुसार शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट और शारीरिक माप परीक्षण से भी छूट देने का निर्णय लिया गया।