हरियाणा में गैंगवार में 4 लोगों की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया की गर्लफ्रेंड ही थी मुखाबिर
हरियाणा के रोहतक में गैगवार में 4 लोगों की हत्या मामले में अब अहम जानकारी खुलकर सामने आ रही है। इस गैंगवार में एक लड़की शामिल थी जिसने ही हिमांशु भाऊ को पूरी जानकारी दी थी। सूत्रों के मुताबिक गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया की गर्लफ्रेंड ने ही इस पूरे कांड को अंजाम देने में मदद की थी। उसी ने प्लान ए और प्लान बी तैयार किया था, हालांकि इस बार भी गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया बच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक करीब तीन महीने पहले ही हिमांशु भाऊ गैग ने इस लड़की को इंस्टाग्राम के जरिये सन्नी रिटोलिया तक पहुंचाया था। दोनों के बीच प्यार की बातें हो रही थी और प्यार में भरोसा जीतक सन्नी रिटोलिया की हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी। हिमांशु भाऊ गैंग को मिलन ढाबे की लोकेशन भी इसी लड़की ने पहुंचाई थी। इस गैंगवार में वो लड़की दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि गर्लफ्रेंड ने दो प्लान पर काम किया था जिसमें पहला प्लान था कि सन्नी रिटोलिया को कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर किडनैप करना था। हालांकि उसने कॉफी में कुछ अंदेशा होने के बाद छोड़ दी थी। इसके बाद मिलन ढाबे में खाना खाने के लिए बैठे थे। जिसके बाद जैसे ही खाना टेबल पर पहुंचा तो बाहर से आए हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। हालांकि इस बार भी सन्नी रिटोलिया पिछले रास्ते से भागने में कामयाब हो गया।
सूत्रों के मुताबिक सन्नी को मरवाने के बदले लड़की को सुरक्षित विदेश भेजने का सौदा हुआ था, जिससे वारदात को कुछ ही घंटों बाद वह लड़की देश छोड़कर बैंकॉक पहुंच गई। हत्याकांड रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ और दावा किया जा रहा है कि सुबह फ्लाइट से वो बैंकॉक पहुंच गई, वहीं दोपहर में पुलिस ने जाह्नवी की लुक आउट नोटिस जारी करवाई। ऐसे में जाह्नवी पुलिस की कार्रवाई से पहले ही देश की सीमा पार कर चुकी थी। अब उसके बैंकॉक से भी आगे निकल जाने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि जिस गर्लफ्रेंड पर इस पूरे गैंगवार करने की आशंका जताई जा रही है कि उस लड़की ने अपना बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिलवाया है। बताया जा रहा है कि जाह्वी के परिवार पर गैंगस्टरों का साया रहा है और यूपी के गैंग पर उसके पिता और चाचा की हत्या करने और परिवार पर जुल्म करने का आरोप है। इसी के चलते यह लड़की भी अपराध की दुनिया में शामिल हुई थी।
मृतकों की पहचान झज्जर जिले के ढीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत और हर्ष के रूप में हुई है. चौथे मृतक की पहचान झज्जर जिले के बेरी निवासी हिमांशु के रूप में हुई है. रिंकू के रिश्तेदार ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि हिमांशु का मारे गए अन्य तीन लोगों से कोई संबंध नहीं था।