हरियाणा में राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा अपडेट, इस महीने बाजरे की जगह मिलेगा 35 किलो गेहूं
हरियाणा के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर है। इस महीने यानी अक्टूबर में राशन कार्ड धारकों को बाजरे की जगह 35 किलो गेहूं मिलेगा। इसको लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उपनिदेशक द्वारा सभी जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारियों को पत्र जारी किया गया और कहा गया है कि एएवाई राशन कार्ड धारक को योजना के अनुसार 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजारा दिया जाता है।
लेकिन अब अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के प्रत्येक राशनकार्ड पर 35 किलो गेहूं और BPL परिवार के प्रत्येक सदस्य को 5 किलो के हिसाब से गेहूं वितरित किया जाएगा। बता दें कि पहले अक्टूबर महीने के लिए AAY कार्डधारक को 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजरा तथा BPL सदस्य को 4 किलो गेहूं तथा एक किलो बाजरा देने का पैमाना तय किया गया था।
खास बात यह है कि जिन लाभार्थियों ने पुराने पैमाने के अनुसार अक्टूबर महीने का राशन पहले ही ले लिया था, उन्हें भी संशोधित पैमाने के अनुसार बचा हुआ गेंहू ही देना होगा। ऐसे AAY कार्डधारक को 12 किलो गेहूं और BPL सदस्यों को एक किलो गेहूं अतिरिक्त मिलेगा।
संबंधित विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर के लिए बाजरे की जगह गेहूं वितरण का संशोधित आदेश जारी हुआ है। पुराने पैमाने पर राशन ले चुके लाभार्थियों को भी अतिरिक्त गेहूं वितरित किया जाएगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा सभी जिलों के राशन डिपो पर संशोधित पैमाने के अनुसार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।