हरियाणा के पंचकूला में मेडिकल ऑफिसर और 6 नर्स सस्पेंड, मरीज की मौत के बाद लिया कड़ा एक्शन
Panchkula Civil Hospital News: हरियाणा के पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में 35 वर्षीय हार्ट पेशेंट आशीष कुमार की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) डॉ. ध्रुव और 6 नर्सिंग ऑफिसरों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल के आदेश पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियम-7 के तहत गंभीर आरोप तय किए गए हैं। सिविल सर्जन को एक सप्ताह के भीतर चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ के 6 अधिकारियों को अंबाला के अस्पतालों में भेजा गया है।
इस मामले में अस्पताल की चार सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कई गंभीर खामियों का खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मरीज को हार्ट अटैक के संकेत मिलने के बावजूद जरूरी इलाज नहीं दिया गया और उसे तीसरी मंजिल पर स्थित कार्डियक सेंटर जाने को कह दिया गया था।
लिफ्ट बंद थी, रैंप से पैदल जाते समय हुई मरीज की मौत
जानकारी के अनुसार, मनीमाजरा निवासी 35 वर्षीय आशीष कुमार को 11 अक्टूबर की रात अचानक सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद वह अपने 17 वर्षीय भांजे आरव के साथ खुद बाइक चलाकर पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे थे।
अस्पताल की इमरजेंसी में जांच के बाद उन्हें तीसरी मंजिल पर स्थित कार्डियक सेंटर जाने के लिए कहा गया। उस समय अस्पताल की लिफ्ट बंद थी और सीढ़ियों पर भी ताला लगा हुआ था। ऐसे में आशीष को रैंप के रास्ते पैदल ऊपर जाना पड़ा।
इसी दौरान रात करीब 2:35 बजे वह रैंप पर बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीज को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे।
जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आईं ये गंभीर लापरवाहियां
मामले की जांच के लिए अस्पताल की चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। इसमें पीएमओ डॉ. आरएस चौहान, डिप्टी सीएमओ डॉ. अर्चना अग्रवाल, आरएमओ डॉ. मनदीप और एमओ डॉ. गिरीश शामिल थे। कमेटी की रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताओं का जिक्र किया गया है।
1. ईसीजी में हार्ट अटैक के संकेत, फिर भी नहीं दी जरूरी दवा
जांच रिपोर्ट के अनुसार, आशीष 11 अक्टूबर की रात 2:18 बजे इमरजेंसी में पहुंचे थे। उनकी ईसीजी रिपोर्ट में हार्ट अटैक के स्पष्ट संकेत मिले थे। इसके बावजूद उन्हें कोई जीवनरक्षक दवा दिए बिना रात 2:27 बजे तीसरी मंजिल पर स्थित कार्डियक सेंटर के रूम नंबर-601 में जाने के लिए कह दिया गया।
2. ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर
जांच में सामने आया कि इमरजेंसी में तैनात एमओ डॉ. ध्रुव रात करीब 11:30 बजे ही ड्यूटी छोड़कर चले गए थे। वहीं, दूसरे डीएनबी डॉक्टर नीरज पांडे भी सीसीटीवी फुटेज में कहीं दिखाई नहीं दिए।
3. मरीज को स्ट्रेचर और स्टाफ तक नहीं मिला
रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर हालत में होने के बावजूद आशीष को स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं कराया गया और न ही उनके साथ कोई स्वास्थ्यकर्मी भेजा गया। उन्हें पैदल रैंप के रास्ते ऊपर जाना पड़ा, जहां वह बेहोश होकर गिर गए।
4. गंभीर हालत में भी नहीं दिया गया CPR
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि मरीज को किसी तरह कार्डियक सेंटर तक पहुंचाया गया, लेकिन निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सीपीआर देने के बजाय उन्हें वापस नीचे इमरजेंसी में भेज दिया गया। इसके बाद रात 3:34 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
5. मरीज के रिकॉर्ड में भी मिली गड़बड़ी
जांच कमेटी को अस्पताल के रिकॉर्ड में भी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। आशीष के अस्पताल पहुंचने पर बनाए गए शुरुआती कार्ड में उनका नाम तक दर्ज नहीं था। उसमें केवल 'चेस्ट पेन' लिखकर रूम नंबर-47 और 601 का उल्लेख किया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, मरीज की मौत रात 3:34 बजे हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद सुबह 4:56 बजे नया कार्ड बनाया गया। इसमें मरीज का नाम आशीष लिखकर उन्हें एडमिट दिखाया गया। साथ ही कार्डियोलॉजी रेफरेंस और प्रोटोकॉल के तहत सीपीआर दिए जाने की एंट्री भी दर्ज की गई।
6 नर्सिंग ऑफिसरों को अंबाला भेजा
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के तहत एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर और दो नर्सिंग ऑफिसरों को अंबाला शहर स्थित सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं, तीन अन्य नर्सिंग ऑफिसरों को अंबाला कैंट अस्पताल में अटैच किया गया है।
इसके अलावा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियम-7 के तहत आरोप तय किए गए हैं। सिविल सर्जन को एक सप्ताह के भीतर चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नर्सिंग एसोसिएशन ने किया विरोध, हड़ताल की चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने डीजी हेल्थ डॉ. मनीष बंसल से मुलाकात की।
एसोसिएशन का आरोप है कि मामले की जांच के लिए गठित कमेटी में किसी भी नर्सिंग ऑफिसर को शामिल नहीं किया गया। संगठन का कहना है कि इस पूरे मामले में डॉक्टरों की जिम्मेदारी तय करने के बजाय नर्सिंग स्टाफ को निशाना बनाया जा रहा है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि नर्सिंग कर्मचारियों के खिलाफ की गई सस्पेंशन और टर्मिनेशन संबंधी कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर हड़ताल पर जा सकते हैं।
फिलहाल इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई और नर्सिंग एसोसिएशन के विरोध के चलते विवाद बढ़ गया है। अब सभी की नजर विभाग की आगे की जांच और चार्जशीट पर है।
##