{"vars":{"id": "91925:5179"}}

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसवी एवं एसीबी की टीम ने किया था रंगे हाथों गिरफ्तार

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एसवी एवं एसीबी की टीम ने किया था रंगे हाथों गिरफ्तार
 

रिश्वतखोरी के मामले में तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर कुंदन के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश

मुकदमे से आरोपी को बाहर निकालने की एवज में मांगी थी एक लाख रुपये की रिश्वत

नूंह,

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए रिश्वतखोरी के एक मामले में आरोपी इंस्पेक्टर कुंदन, तत्कालीन एसएचओ, थाना शहर पुन्हाना, जिला नूंह के विरुद्ध आज माननीय न्यायालय में चालान (चार्जशीट) पेश कर दिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 7, 13(1)(बी) सहपठित 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा धारा 221 बीएनएस के तहत श्रीमती रेणू राणा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नूंह की अदालत में चालान प्रस्तुत किया गया।

मामले से बाहर निकालने के बदले मांगी थी रिश्वत

मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एवं एसीबी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि उसकी मौसी के बेटे के खिलाफ थाना पिनंगवां, जिला नूंह में मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले की जांच इंस्पेक्टर कुंदन के पास थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके मौसी के बेटे को मामले में झूठा फंसाया गया है तथा उसे एफआईआर से बाहर निकालने की एवज में आरोपी इंस्पेक्टर एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता द्वारा 50 हजार रुपये की व्यवस्था किए जाने के बाद मामले की सूचना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी गई।

50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों किया था गिरफ्तार शिकायत के आधार पर एसवी एवं एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी इंस्पेक्टर कुंदन को पुन्हाना तहसील के सामने, बिसरू रोड पर उस समय रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जब वह अपनी सरकारी गाड़ी से उतरकर शिकायतकर्ता की गाड़ी में बैठा और उससे 50,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। टीम ने मौके पर ही रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली थी।

जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में पेश की गई चार्जशीट इस संबंध में आरोपी इंस्पेक्टर कुंदन के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम में अभियोग संख्या 39, दिनांक 7 सितंबर 2026, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एवं एसीबी, गुरुग्राम में दर्ज किया गया था। एसवी एवं एसीबी द्वारा मामले की विस्तृत जांच पूरी करने के उपरांत आज आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया है।

सतर्क हरियाणा’ ऐप के माध्यम से भी दर्ज कराएं भ्रष्टाचार की शिकायत हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आमजन से अपील करता है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कराएं। इस ऐप के जरिए नागरिक अपनी शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो या दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं। ब्यूरो प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।