हरियाणा से दिल्ली तक दौड़ेगी नई मेट्रो, 13,500 करोड़ खर्च होंगे; 2031 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
दिल्ली-NCR में मेट्रो कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। दिल्ली मेट्रो के फेज-V(B) विस्तार के तहत 8 नए कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें यशोभूमि (द्वारका सेक्टर-25) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर सबसे अहम माना जा रहा है। इससे दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
RTI के जवाब के अनुसार, फेज-V(B) के तहत कुल 8 कॉरिडोर प्रस्तावित हैं, जिनमें करीब 65 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इनमें 7 कॉरिडोर को दिल्ली सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और केंद्र सरकार की स्वीकृति का इंतजार है, जबकि यशोभूमि से राजीव चौक गुरुग्राम वाले कॉरिडोर का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है।
13,500 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा दिल्ली-गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 से गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन के लिए लगभग 13,500 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्तावित रूट पर यशोभूमि सहित कुल 6 स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद इस रूट पर प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख यात्रियों के सफर करने का अनुमान है। इससे पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम के बीच आवागमन के लिए मेट्रो का नया विकल्प उपलब्ध होगा।
दिल्ली में 8 नए मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित
फेज-V(B) के तहत प्रस्तावित 8 कॉरिडोर इस प्रकार हैं:
- धौसा बस स्टैंड (नजफगढ़) से नांगलोई
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट से किशनगढ़
- समयपुर बादली से नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
- कीर्ति नगर से पालम
- जोर बाग से मिथापुर
- मयूर विहार फेज-3 से शास्त्री पार्क
- केशव पुरम से रोहिणी सेक्टर-34
- यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 से राजीव चौक, गुरुग्राम
इन इलाकों को मिलेगा मेट्रो कनेक्टिविटी का फायदा
प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली के कई ऐसे इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेंगे, जहां फिलहाल कनेक्टिविटी सीमित है।
- नजफगढ़-नांगलोई: 11.9 किलोमीटर रूट पर 9 स्टेशन प्रस्तावित हैं। नरेश पार्क एक्सटेंशन, रन्होला, बक्करवाला, बापरोला और नजफगढ़ एक्सटेंशन के लोगों को फायदा होगा।
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट-किशनगढ़: 15.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 10 स्टेशन होंगे। इससे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थान जुड़ेंगे।
- समयपुर बादली-नरेला: 12.9 किलोमीटर का यह कॉरिडोर येलो लाइन का विस्तार होगा, जिस पर 8 एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं।
- कीर्ति नगर-पालम: 9.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 6 स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे ग्रीन लाइन का विस्तार होगा।
- जोर बाग-मिथापुर: करीब 17 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
- मयूर विहार-शास्त्री पार्क: 13.2 किलोमीटर लंबे रूट पर 8 स्टेशन होंगे।
- केशव पुरम-रोहिणी सेक्टर-34: 16.3 किलोमीटर के कॉरिडोर पर 12 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
फेज-IV और फेज-V(A) के प्रोजेक्ट भी जारी
दिल्ली मेट्रो के फेज-IV के तहत आरके आश्रम मार्ग-जनकपुरी वेस्ट और एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का काम जारी है। इन परियोजनाओं को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को दिसंबर 2030 तक पूरा करने की योजना है। फेज-V(A) के तहत भी विभिन्न रूटों पर काम और टेंडर प्रक्रिया जारी है। इन विस्तार परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-NCR में मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।