{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana: अब जमीन के कागजों में गड़बड़ी ठीक कराने के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, सरकार ने शुरू की ये नई सुविधा

Haryana: अब जमीन के कागजों में गड़बड़ी ठीक कराने के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, सरकार ने शुरू की ये नई सुविधा
 

हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने जमीन के दस्तावेजों में गड़बड़ी को ठीक कराने की प्रक्रिया बेहद आसान कर दी है। राज्य सरकार ने एक नई ऑनलाइन सुविधा शुरू की है, जिससे आप आसानी से जमीन के कागज़ात में सुधार कर सकते हैं।

जमीन और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़ी छोटी-मोटी गलतियों के लिए पहले तहसील व राज्य मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब इसके लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। आमजन को राहत देते हुए सूबे की नायब सैनी सरकार ने प्रदेश की सभी तहसीलों में 'ऑनलाइन करेक्शन मॉड्यूल' की शुरुआत कर दी है।

ऑनलाइन सुविधा से काम होगा आसान

प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई इस नई आनलाइन सुविधा से जमीनी एवं राजस्व रिकॉर्ड में होने वाली सामान्य गलतियों को स्थानीय स्तर पर ही ठीक किया जा सकेगा। इस सुविधा का सबसे तगड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो लंबे अर्से से इस काम के इंतजार में बैठे हैं। अब उन्हें लंबी दूरी की भागदौड़ करने से राहत मिलेगी।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि करीब 99 प्रतिशत नियमित प्रकृति की त्रुटियों का समाधान अब तहसील स्तर पर किया जा सकेगा। यह सुविधा प्रदेश की सभी तहसीलों में शुरू की गई है। ऐसे में भूमि और राजस्व रिकॉर्ड में सामान्य गलती सामने आने पर नागरिकों को उसे ठीक करवाने के लिए राज्य मुख्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी

उन्होंने बताया कि इस नई सुविधा से सबसे ज्यादा लाभ उन्हें पहुंचेगा जिन्हें अपने राजस्व रिकॉर्ड में सामान्य सुधार करवाना है। अब ऐसे मामलों को तहसील स्तर पर आनलाइन करेक्शन मॉड्यूल के जरिए निपटाया जा सकेगा। बता दें कि जमीन के ऑनलाइन रिकॉर्ड में गलती होने पर प्रदेश वासियों को उसे ठीक करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब नई व्यवस्था से इस प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की गई है।