देश में अराजकता फैलाना चाहता है विपक्ष, जनता को गुमराह करने की कोशिश लोकतंत्र के हित में नहीं रू डॉ. अरविंद शर्मा
एसआईआर पर कांग्रेस को डॉ. अरविंद शर्मा की दो टूक, चुनाव जीते तो आयोग निष्पक्ष, हारे तो धांधली का शोर क्यों
चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग पर पलटवार, कैबिनेट मंत्री बोले, अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ना बंद करे कांग्रेस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं कर रहे फसल खरीद की निगरानी, किसान का एक भी दाना बिना खरीदे नहीं रहने देंगे
रोहतक,
हरियाणा के सहकारिता, निर्वाचन, कारागार, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला, उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे यही चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष नजर आता है, लेकिन हारते ही चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगाने शुरू कर दिए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर चुनाव में कांग्रेस की जीत पर लोकतंत्र मजबूत और हार पर लोकतंत्र खतरे में कैसे पड़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष सुनियोजित तरीके से अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है। कांग्रेस अपनी चुनावी हार की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। शनिवार को अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों की जांच और पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस जिस तरह सवाल उठा रही है, उससे उसकी राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनकी जांच और नियमानुसार संशोधन करने में आखिर कांग्रेस को क्या आपत्ति है, प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और मतदाता सूची भी त्रुटिरहित होनी चाहिए। कांग्रेस को इस प्रक्रिया पर कोई ठोस आपत्ति है तो उसे प्रमाणों के साथ सामने रखना चाहिए। देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा विपक्ष:- डॉ. अरविंद शर्मा सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल देश में राजनीतिक अस्थिरता और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठाना और जनता में भ्रम पैदा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए। जनता सब देख रही है और विपक्ष की राजनीति को भलीभांति समझती है। गढ़ी सांपला-किलोई में बूथों पर कब्जे के आरोप, कांग्रेस को आत्ममंथन की नसीहत:- डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गढ़ी-सांपला-किलोई में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान किस प्रकार बूथों पर कब्जे की राजनीति होती थी, यह क्षेत्र के लोग जानते हैं। उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात कर रही है। कांग्रेस नेताओं को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने सीजेपी और कांग्रेस पर आपसी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों की राजनीतिक गतिविधियों को देश की जनता देख रही है। कांग्रेस को जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए, न कि हर हार के बाद चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करना चाहिए। मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे फसल खरीद की निगरानी, किसानों का एक भी दाना नहीं रहने देंगे:- डाॅ अरविंद शर्मा फसल खरीद पर कांग्रेस की बयानबाजी का जवाब देते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं प्रदेशभर में फसल खरीद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस राज में दो-दो महीने मंडियों में इंतजार करते थे किसान, अब 15 दिन में खरीद:- शर्मा डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दो से तीन महीने तक मंडियों में इंतजार करना पड़ता था। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने खरीद व्यवस्था में तेजी लाई है। उन्होंने दावा किया कि अब 15 दिन में खरीद पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी करने की आदत पड़ गई है। सरकार की प्राथमिकता किसान की फसल का समय पर उचित मूल्य दिलाना और मंडियों से उसका शीघ्र उठान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए कभी फसल खरीद तो कभी एसआईआर को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, चेयरमैन हरिश कौशिक, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, हरिओम भाली, डाॅ अंकुश बिड्डू सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, अधिकारी व किसान मौजूद रहे।