हरियाणा में धान उत्पादक किसानों की हुई बल्ले-बल्ले, 5 हजार के पार भाव पहुंचने की बनी संभावना
हरियाणा की मंडियों में धान की आवक रफ्तार पकड़ चुकी है। कैथल अनाज मंडी की बात करें तो यहां 1509 किस्म धान लेकर रोजाना बड़ी संख्या में किसान पहुंच रहे हैं। इस बार सीजन की शुरुआत से ही किसानों को उचित भाव मिल रहा है जिसकी खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आ रही है।
कैथल सहित प्रदेश की सभी अनाज मंडियों की बात करें तो 1509 का भाव 3,800 से लेकर 4,450 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। पिछले साल सीजन की शुरुआत की बात करें तो यह 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक था लेकिन इस बार 1,500 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव में तेजी बनी हुई है। इस किस्म के भाव ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
निर्यातकों का कहना है कि घरेलू मार्केट और विदेशों में चावल की डिग्री अच्छी-खासी बनी हुई है। इसी वजह से किसानों को धान का ऊंचा भाव मिल रहा है। फिलहाल ईरान में सबसे ज्यादा मांग हैं। यहां सभी किस्मों की 12 लाख एमटी की मार्केट हैं। भारत से सबसे ज्यादा चावल का निर्यात ईरान में होता है।
किसानों के हुए वारे-न्यारे
मंडी में 1509 धान लेकर पहुंचे एक किसान ने बताया कि इस सीजन क्षेत्र में औसतन कम बारिश हुई है लेकिन इसके बावजूद भी खेतों में उत्पादन अच्छा हो रहा है। धान की फसल साफ और सुखी होने के चलते उसे 4,460 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिला है। यानि प्रति एकड़ लगभग एक लाख रुपए का धान बिका हैं। धान की इस किस्म ने किसानों के वारे-न्यारे कर दिए हैं। उत्पादन में गिरावट की पूरी कसर ऊंचा भाव निकाल रहा है।
अनाज मंडी के प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया ने बताया कि किसानों की सुविधा का ख्याल रखते हुए मंडी में बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। बासमती किस्म 1509 की खरीद मुख्य रूप से प्राइवेट एजेंसियों द्वारा की जा रही है और किसानों को बाजार के अनुसार अच्छे दाम मिल रहे हैं। मंडी में पीआर धान की खरीद भी शुरू हो गई है, इसकी खरीद एजेंसियां कर रही है। पीआर धान का एमएसपी 2461 रेट निर्धारित किया गया है।