हरियाणा के पलवल में 25 हजार की रिश्वत लेते बिल्डिंग इंस्पेक्टर गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला ?
हरियाणा के पलवल में SV&ACB की टीम ने बिल्डिंग इंस्पेक्टर (Building Inspector) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर परिषद पलवल में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर को 25 हजार लेते पकड़ा।
क्या है मामला ?
जानकारी के अनुसार नगर परिषद पलवल में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया ने मकान को गिराने की कार्रवाई न करने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद इस मामले में शिकायकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका मकान पलवल नगर परिषद की सीमा में है। आरोपी बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया ने मकान की आगे की दीवार को प्लाट की हद से बाहर बताते हुए इसे अतिक्रमण बताया था और मकान गिराने की बात कही थी। जिसके बाद इसे न गिराने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
आरोपी बिल्डिंग इंस्पेक्टर पहले 5 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए। इसके बाद वह फिर से 25 हजार रुपये की मांग कर रहा था? मामले की शिकायत मिलने के बाद SV&ACB की पलवल यूनिट ने 6 अक्टूबर को ट्रैप लगाया और फिर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बिल्डिंग इंस्पेक्टर चिम्मन लाल तेवतिया को रंगे हाथ गिरफ्तार कर किया है। ये पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर राजकुमार, इंचार्ज SV&ACB यूनिट पलवल के नेतृत्व में की गई। फिलहाल इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत पुलिस थाना SV&ACB, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। एसीबी की टीम आगे की जांच कर रही है।