हरियाणा के बल्लभगढ़ से पलवल तक दौड़ेगी मेट्रो, 28 किलोमीटर लंबे रूट पर बनेंगे 10 स्टेशन
हरियाणा में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की अंतिम व्यवहार्यता रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है।
राज्य सरकार की मंजूरी के बाद अब इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट अब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को भेज दी गई है। अब इस रिपोर्ट पर केंद्र सरकार की आखिरी मुहर का इंतजार है। जिसके बाद इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एचएमआरटीसी) की 66वीं बोर्ड बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने ये जानकारी दी है।
28 किलोमीटर लंबे रूट पर बनेंगे 10 स्टेशन
यह मेट्रो रूट लगभग 28 किलोमीटर लंबा होगा। इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) के पास है। यह कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड बनाया जाएगा, जो मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग के समानांतर चलेगा।
इस मेट्रो कॉरिडोर को मुख्य रूप से दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन (राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन, बल्लभगढ़) से आगे पलवल तक बनाया जाएगा। 28 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग के समानांतर होते हुए पलवल लघु सचिवालय के पास समाप्त होगा, जिसका आखिरी छोर पुलिस लाइन के पास प्रस्तावित है। इस तरह यह पूरा प्रोजेक्ट फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से शुरू होकर पलवल शहर तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
कहां-कहां बनेंगे स्टेशन ?
इस पूरे रूट पर लगभग 10 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। बल्लभगढ़ के बाद पहला स्टेशन सेक्टर 58-59 (झाड़सेंतली) में बनेगा। इसके बाद सीकरी औद्योगिक और आवासीय इलाके में दूसरा स्टेशन, सोफ्ता, पृथला, बघौला, आल्हापुर, दिल्ली गेट, पलवल बस स्टैंड, आगरा चौक, पलवल लघु सचिवालय / पुलिस लाइन के पास (अंतिम छोर) पर स्टेशन बनाए जाएंगे।
बल्लभगढ़ से पलवल तक मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो कॉरिडोर के बनने से फरीदाबाद और पलवल के औद्योगिक क्षेत्रों (जैसे पृथला और सीकरी क्लस्टर) के साथ-साथ केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे और भविष्य के अन्य ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से बेहतरीन कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अब केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इस पर आगे की प्रक्रिया और टेंडर आदि का काम तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।