{"vars":{"id": "91925:5179"}}

पंचकूला मामला: बच्ची पर हमले के आरोपी को मिली सशर्त जमानत, PGI से डिस्चार्ज हुई पीड़िता

सेक्टर-20 के सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची से मारपीट और ईंट से हमला करने वाले आठ वर्षीय छात्र को बुधवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश किया गया।
 

पंचकूला। सेक्टर-20 के सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची से मारपीट और ईंट से हमला करने वाले आठ वर्षीय छात्र को बुधवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश किया गया।

बोर्ड ने बच्चे की मैपिंग टेस्ट रिपोर्ट में उसे असामान्य बताते हुए इलाज की सख्त जरूरत मानी और माता-पिता को सशर्त जमानत देकर सौंप दिया। बच्चा 31 अक्टूबर से अंबाला के जुवेनाइल आब्जर्वेशन होम में था। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी और बोर्ड ने विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है।

वहीं, पीड़ित बच्ची को भी बुधवार को पीजीआई चंडीगढ़ से डिस्चार्ज कर दिया गया। गुब्बारों से सजी एंबुलेंस से मुस्कुराते हुए पीरमुच्छला स्थित अपने चाचा के घर पहुंची बच्ची का लोगों ने फूलों से सजे घर में फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इन शर्तों का करना होगा पालन

बच्चे को मोबाइल फोन न दिया जाए।

बच्चे की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसका जीएमसीएच-32 से इलाज करवाया जाए।

बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए, बेशक उसके किसी दूसरे स्कूल में दाखिला दिलाया जाए।

बच्चे को अकेला न छोड़ें और उसके साथ परिवार के सदस्यों को अधिक से अधिक समय बिताना होगा।

बच्चे की मोबाइल फोन की आदत छुड़वाने के लिए उसे खेल गतिविधियों व पढ़ाई की तरफ उसका ध्यान लाना होगा।

बच्चे को ऐसे माहौल में नहीं रखना होगा जिससे उसकी आदतें खराब हों।

माता-पिता ने बोर्ड को दिया आश्वासन

बच्चे की बेल अर्जी में माता-पिता ने जेजे बोर्ड को स्पष्ट तौर पर आश्वासन दिया है कि वे बच्चे को उचित पारिवारिक माहौल, नैतिक शिक्षा और अनुशासन में रखेंगे। उसकी काउंसलिंग, व्यवहार संबंधी मार्गदर्शन और पुनर्वास के इंतजाम भी करेंगे।

यह भी साफ तौर पर कहा गया है कि बच्चा तीसरी कक्षा में पढ़ता है ऐसे में अगर उसे आब्जर्वेशन होम में रखा जाएगा तो उसकी पढ़ाई और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है।

इंटरनेट मीडिया से वीडियो व फोटो हटवाने की मांग

साथ ही परिवार की तरफ से बोर्ड में दायर दूसरी अर्जी में उन्होंने कहा कि मामले के जांच अधिकारी को निर्देश दिए जाएं कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे घटना से जुड़ी वीडियो और फोटो को तुरंत प्रभाव से हटाया जाए।

साथ ही स्कूल के प्रिंसिपल और प्रबंधन के साथ मिलकर वीडियो व फोटो का आगे प्रसार होने से रोकने की अपील की गई है। पिता ने बच्चे को स्कूल और समाज में अपमान और भेदभाव से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का की बात भी कही है।