हरियाणा में पराली से होगी किसानों की कमाई! सरकार ने चुनीं ये इंडस्ट्रीज, प्रदूषण पर लगेगी लगाम
पानीपत। अब किसान धान की पराली जलाकर पर्यावरण प्रदूषित करने के बजाय इसे बेचकर आमदनी कर सकते हैं। आपको जानकारी दें दें कि जिले में सात उद्योग हैं, जो पराली खरीदकर उसका उपयोग अलग-अलग उत्पाद तैयार करने में करते हैं।
हाल ही में कृषि विभाग की ओर से इन उद्योगों की सूची जारी की गई है, जिससे किसान पराली के उचित प्रबंधन के लिए इनसे संपर्क कर सकते है। पराली का इस्तेमाल पेलेट बनाने, टेक्सटाइल इंडस्ट्री और कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) उत्पादन में किया जा सकता है। जिससे अब किसानों की मुश्किलें कम होती नजर आ रही हैै।
आपको बता दें कि उप कृषि निदेशक डॉ. बलवंत सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि पराली की खपत के लिहाज से रिलायंस बायो एनर्जी लिमिटेड सबसे बड़ा उद्योग है। अटावला गांव में स्थित इस सीबीजी प्लांट में सालाना छह लाख क्विंटल पराली के उपयोग की क्षमता दी गई है। दाहर गांव स्थित दिव्यांशी एंटरप्राइजेज लिमिटेड में सालाना 1.40 लाख क्विंटल पराली का उपयोग किया जा सकता है। यह पेलेट प्लांट है।
अभिटेक्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड टेक्सटाइल इंडस्ट्री में पराली का इस्तेमाल करता है। इसकी सालाना 1.30 लाख क्विंटल पराली का प्रयोग करने की क्षमता है। वहीं, नौल्था स्थित इनोवेटिव बायोमास साल्यूशन पेलेट प्लांट में एक लाख क्विंटल पराली के उपयोग की क्षमता है। वहीं रिशपुर गांव स्थित अंशुमन बायोप्यूल और गाड़ी छज्जू स्थित गाड़ी छज्जू पेलेट प्लांट में 80-80 हजार क्विंटल पराली के उपयोग की क्षमता बताई गई है।