Panipat Crime News: रुमाल सुंघाकर महिला को किया बेहोश, सोने की चेन और नकदी लेकर 2 महिलाएं फरार!
पानीपत। शहर के सलारगंज गेट के पास दो अज्ञात महिलाओं द्वारा एक महिला को बातों में उलझाकर कथित तौर पर बेसुध करने और उसके सोने के गहने व नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी महिलाएं उसे लालबत्ती चौक तक ले गईं और वहां वारदात को अंजाम देकर फरार हो गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
गांव बड़ौली निवासी शीला देवी ने थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो नवंबर को घरेलू सामान खरीदने के लिए पानीपत आई थी। दोपहर करीब 4 बजे जब वह सलारगंज गेट के पास थी तो दो अज्ञात महिलाएं उससे बातचीत करने लगीं।
आरोप है कि बातों में उलझाने के बाद उनमें से एक महिला ने उसके मुंह पर रुमाल लगाया, जिससे वह बेसुध हो गई।
पीड़िता के अनुसार, दोनों महिलाएं उसे लालबत्ती चौक तक ले गईं।
कुछ समय बाद जब उसे होश आया तो उसके गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन, कानों के करीब छह ग्राम के सोने के बालियां और पर्स से 10 से 15 हजार रुपये गायब थे।
शीला देवी ने बताया कि होश आने पर उसके पास एक बंद बंडल मिला, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया। उसने आरोपित महिलाओं की पहचान कर गहने और नकदी बरामद करवाने की मांग की है।