{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Panipat News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पानीपत दौरा स्थगित, 1 नवंबर को ज्ञान मानसरोवर में प्रस्तावित कार्यक्रम टला; पत्र जारी कर दी गई जानकारी

Panipat News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पानीपत दौरा स्थगित, 1 नवंबर को ज्ञान मानसरोवर में प्रस्तावित कार्यक्रम टला; पत्र जारी कर दी गई जानकारी
 

पानीपत। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगामी 1 नवंबर को तय पानीपत दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। अपरिहार्य कारणों की वजह से इसे अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया गया है। राष्ट्रपति के निजी सचिव मृत्युंजय शर्मा ने पत्र जारी कर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की अतिरिक्त निदेशक डॉ. बीके लीना को औपचारिक रूप से इस बात की सूचना दी है।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति को 1 नवंबर को दोपहर 2:50 से 3:35 बजे के दौरान थिरना स्थित ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर पहुंचना था। वहां वे ब्रह्माकुमारी, पानीपत के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत करने वाली थीं। इस दौरान उनके हाथों राष्ट्रीय परियोजना 'विकसित भारत का संकल्प- ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान' की भव्य शुरुआत होनी थी।

दौरा टलने की खबर सामने आते ही स्थानीय प्रशासन और आयोजकों ने फिलहाल सभी तैयारियों पर रोक लगा दी है। राष्ट्रपति सचिवालय की तरफ से जल्द ही इस कार्यक्रम की नई तिथि और नया शेड्यूल जारी किए जाने की उम्मीद है।