हरियाणा में चालान का भुगतान नहीं करने पर ब्लॉक होंगे RC व ड्राइविंग लाइसेंस, जानिए क्या कहते हैं नए नियम
हरियाणा पुलिस ने सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण को दुरुस्त करने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की है। इस संबंध में पुलिस द्वारा पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी 'नेक्स्ट जेन ई-चालान' व्यवस्था को पूरे राज्य में लागू कर दिया है।
मंगलवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में DGP अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि अब ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीक और डेटा-आधारित 'प्रिवेंटिव पुलिसिंग' से ज़मीनी स्तर पर बदलाव दिखना चाहिए।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की 20 जनवरी 2026 की अधिसूचना के तहत हरियाणा में यह प्रणाली 16 जून 2026 से लागू की जा चुकी है। एडीजीपी विकास अरोड़ा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।
इस तरह काम करेगी नई व्यवस्था
3 दिन में नोटिस
ट्रैफिक नियम उल्लंघन के बाद 3 दिनों के भीतर वाहन स्वामी के पास आधिकारिक नोटिस पहुंचेगा।
45 दिनों में निर्णय
चालक के पास 45 दिनों का समय होगा कि वह चालान स्वीकार करे या उस पर आपत्ति (शिकायत) दर्ज करे। अगर 45 दिन में कोई एक्शन नहीं लिया गया, तो चालान स्वत: स्वीकार माना जाएगा।
30 दिन में शिकायत का समाधान
यदि चालक आपत्ति जताता है तो शिकायत निवारण अधिकारी को 30 दिन के भीतर फैसला देना होगा। समय पर समाधान न होने पर शिकायत स्वत: स्वीकार मान ली जाएगी।
कोर्ट में चुनौती का विकल्प
शिकायत खारिज होने पर चालक 50% चालान राशि जमा कर मामला कोर्ट ले जा सकता है।
90 दिन में भुगतान या RC/ DL ब्लॉक
चालान स्वीकार होने के 90 दिनों के भीतर भुगतान करना होगा। ऐसा न करने पर पोर्टल पर वाहन की RC या चालक का ड्राइविंग लाइसेंस 'Not to be Transacted' श्रेणी में डाल दिया जाएगा। साथ ही, पुलिस को वाहन जब्त करने का भी अधिकार होगा।