{"vars":{"id": "91925:5179"}}

 11 लाख का दहेज ठुकराकर सिर्फ 1 रुपया नारियल लेकर की शादी, दहेज के खिलाफ दिया बड़ा संदेश

 

 

हरियाणा के सिरसा जिले के गांव खेड़ी में बेटी की शादी में ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की 11 लाख की राशि वापस लौटाकर दहेज के खिलाफ एक बड़ा संदेश दिया है। शुक्रवार को शादी के दौरान दोनों पक्षों के इस फैसले की चर्चा हर तरफ हो रही है।

दरअसल खेड़ी गांव में रणधीर सिंह फगेड़ियां की बेटी दीपिका की शादी राजस्थान के राजपुरा जोड़कियां बास विक्रम सिंह मारु के साथ हुई है। इस दौरान लड़की पक्ष की तरफ से अपनी बेटी को शगुन के रुप में 11 लाख रुपये देने की पेशकश की लेकिन लड़के के परिजनों ने दरियादिली दिखाते हुए 11 लाख रुपये नकार दिये और सिर्फ एक रुपया और नारियल ही लिया। 

आपको बता दें कि विनोद मारु के इकलौते बेटे विक्रम की बारात खेड़ी आई थी। विक्रम घर के इकलौते बेटे हैं और वो अच्छी जमीन जायदाद वाले हैं वहीं हरिद्वार में एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक हैं।

इस दौरान लड़की के ससुर विनोद सिंह मारु ने कहा कि उनके लिए दुल्हन ही दहेज है। वो दहेज की इस प्रथा के खिलाफ है। इस मौके पर दुल्हन के मामा जयवीर सिंह श्योराण ने बताया कि आज का युग बदल रहा है। अब लोग धीरे धीरे दहेज को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। अब समय आ गया है कि इस कुप्रथा को धीरे धीरे समाज से दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने बड़ा दिल दिखाते हुए सभी का दिल जीत लिया है।

इस मौके पर विनोद जी मारु, दलीप बुडानिया, बुधराम ज्याणी, जयवीर श्योराण, मुकेश पूनियां समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।